संगठन में समन्वय बनाए रखना जरूरी : अमरजीत

संगठन में समन्वय बनाए रखना जरूरी : अमरजीत

रांची। कांग्रेस पार्टी की अखिल भारतीय स्तर की छात्र इकाई नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के नवनियुक्त राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर अमरजीत कुमार ने कहा है की किसी भी संगठन में पदधारियों और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बनाए रखना जरूरी है। एक दूसरे से समन्वय स्थापित कर ही हम संगठन के कार्यों को सफलतापूर्वक अमलीजामा पहना सकते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह बखूबी निर्वहन करेंगे। संगठन को सशक्त बनाने और छात्र हित में कार्य करने के लिए वह सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड सहित अन्य राज्यों में एनएसयूआई के पदधारियों और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर एनएसयूआई को मजबूत किया जाएगा। संगठन के वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन प्राप्त कर उनके बताए पदचिन्हों पर चलने की हर संभव कोशिश की जाएगी। अमरजीत ने कहा कि किसी भी संस्था में उसके कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होते हैं। कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रहित, राज्य हित और छात्र हित में समर्पित भाव से कार्य करने के लिए सदैव प्रेरित किया जाता रहेगा।