जगजीवन कॉलेज में इंटर्नशिप जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव के महत्व की दी जानकारी
गयाजी। जगजीवन कॉलेज के भूगोल एवं अर्थशास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को इंटर्नशिप को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दोनों विभागों के बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता भूगोल विभाग की अध्यक्ष डॉ. अंकना एवं अर्थशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. डॉ. रतिकांत दास ने संयुक्त रूप से की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भूगोल विभाग की अध्यक्ष डॉ. अंकना ने कहा कि इंटर्नशिप विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को भूगोल, भौगोलिक सूचना प्रणाली, दूरसंवेदी तकनीक, पर्यावरण प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, नगरीय नियोजन एवं शोध जैसे क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इंटर्नशिप विद्यार्थियों के कौशल, आत्मविश्वास और रोजगार की तैयारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
डॉ. सत्येन्द्र सिंह चन्द्र ने कहा कि वर्तमान समय में केवल पाठ्यक्रम का सैद्धांतिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों के लिए व्यावहारिक एवं तकनीकी कौशल विकसित करना भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के दौरान पूरी गंभीरता और अनुशासन के साथ कार्य करने तथा प्राप्त अनुभव का उपयोग भविष्य की पढ़ाई और रोजगार में करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं अर्थशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. डॉ. रतिकांत दास, सहायक प्राध्यापक डॉ. ऐजाज़ अहमद, डॉ. प्रियंका कुमारी सिन्हा, डॉ. अमित कुमार एवं डॉ. प्रियंका कुमारी प्रसाद ने कहा कि इंटर्नशिप विद्यार्थियों के पढ़ाई के प्रति दृष्टिकोण में सकारात्मक बदलाव लाती है। इंटर्नशिप के माध्यम से विद्यार्थियों को समाज और जीवन की वास्तविक परिस्थितियों को गहराई से समझने का अवसर मिलता है। साथ ही, उनमें सामूहिक रूप से कार्य करने और समय का सदुपयोग करने की भावना विकसित होती है।
महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मो. ऐयूब ने कहा कि यह खुशी की बात है कि महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष विद्यार्थियों की समस्याओं को समझने और उनमें सोचने-समझने की क्षमता विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने इंटर्नशिप कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों की गंभीरता की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण में सकारात्मक वृद्धि होती है।
प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को जानकारी दी कि 13 अगस्त को मानविकी विभाग की ओर से भी इंटर्नशिप जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रो. पूर्णेंदु कुमार, डॉ. अनुरानी, डॉ. मनीष कुमार सिंह, डॉ. संगीता कुमारी, डॉ. शिवकुमार रविदास, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. धर्मेंद्र कुमार, डॉ. संगीता कुमारी, डॉ. राजीव रंजन, डॉ. निरुपमा कुमारी, डॉ. नारायण कुमार, डॉ. शोभा सहित अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।