कुख्यात प्रिंस खान के गुर्गा को मिली जमानत, दहशत में स्थानीय कारोबारी
गिरफ्तारी के बाद से ही दशरथ शुक्ला जमशेदपुर के घाघीडीह सेंट्रल जेल में बंद था। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और रंगदारी से जुड़े विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था।
JAMSHEDPUR : धनबाद के कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के करीबी गुर्गे दशरथ शुक्ला को कोर्ट से जमानत मिल गई है, जिसके बाद स्थानीय कारोबारियों और आम लोगों में डर का माहौल बन गया है।
व्यापारियों और कारोबारियों में डर का माहौल
जानकारी के मुताबिक आरोपी दशरथ शुक्ला ने लकड़ी कारोबारी हरेराम सिंह से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। इस मामले में कारोबारी के स्टाफ के बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और कई ठिकानों पर छापेमारी की।
दशरथ शुक्ला की गिरफ्तारी कुछ महीने पहले रांची और बुंडू पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुई थी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी बुंडू सूर्य मंदिर के पास मौजूद है। इसके बाद घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से कंट्री मेड पिस्टल, रिवाल्वर समेत कुल छह हथियार और दर्जनों गोलियां बरामद की गई थीं। इस बरामदगी ने मामले को और गंभीर बना दिया था।
घाघीडीह सेंट्रल जेल में बंद था दशरथ शुक्ला
गिरफ्तारी के बाद से ही दशरथ शुक्ला जमशेदपुर के घाघीडीह सेंट्रल जेल में बंद था। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और रंगदारी से जुड़े विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था। पूछताछ के दौरान उसके गैंगस्टर प्रिंस खान से संबंधों की भी पुष्टि हुई थी, जिससे जांच का दायरा और बढ़ गया था।
इस मामले में जमशेदपुर के एसएसपी पीयूष पाण्डेय के निर्देश पर पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया था। जमशेदपुर, धनबाद के अलावा ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान प्रिंस खान गैंग से जुड़े कई गुर्गों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से हथियार भी बरामद किए गए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











