पुलिस हिरासत में युवक की मौत के बाद भारी बवाल, आक्रोशितों ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आ गया है, जिसमें स्थानीय लोग पुलिसकर्मियों को लाठी-डंडों से पीटते नजर आ रहे हैं।
KATIHAR : बिहार के कटिहार में पुलिस हिरासत में एक शख्स की मौत के बाद भारी बवाल मच गया। फलका थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद हालात बेकाबू हो गये। आक्रोशितों ने थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया और थाने में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
आक्रोशितों के हंगामे के बाद स्थिति इतनी बिगड़ गई कि भीड़ ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। जान बचाने के लिए कई पुलिसकर्मी पास के मक्के के खेतों में भागते नजर आए। भीड़ ने महिला सिपाही को भी नहीं बख्शा और उन्हें भी खदेड़ा।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आ गया है, जिसमें स्थानीय लोग पुलिसकर्मियों को लाठी-डंडों से पीटते नजर आ रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ये पूरा मामला फलका थाना क्षेत्र का है, जहां गोपालपट्टी निवासी 24 वर्षीय राकेश कुमार यादव को 2 अप्रैल की रात मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया था। शनिवार को उसकी मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि जिस व्यक्ति की बाइक चोरी हुई थी, उसने पहचान के दौरान राकेश को नहीं पहचाना था। इसके बावजूद पुलिस ने उसे हिरासत में रखा। परिवार का कहना है कि थाने में उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई।
वहीं, पुलिस का कहना है कि राकेश यादव ने थाना हाजत में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। हालत बिगड़ने पर उसे सुबह 7 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, फलका ले जाया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग भड़क उठे। गुस्साए लोगों ने फलका-कुर्सेला स्टेट हाईवे को जाम कर दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। वहीं, इस पूरे मामले पर जिले के एसपी एक्शन में आए हैं और फलका थाना के SHO रवि कुमार राय और जांच अधिकारी कुंदन पटेल को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। वहीं, पुलिस विभाग ने घटना की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











