बड़ी खबर : पटना में SVU की रेड, कार्यपालक अभियंता के घर और दफ्तर पर छापा, एक करोड़ से अधिक की संपत्ति जुटाने का आरोप
पटना में स्थित उनके विभिन्न ठिकानों पर निगरानी टीम द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इसमें फ्लैट नंबर B-202, सुमित चंद्रम गृह अपार्टमेंट में विस्तृत जांच की जा रही है, जहां से महत्वपूर्ण दस्तावेजों के मिलने की संभावना जताई जा रही है।
PATNA : बिहार में लगातार भ्रष्ट अधिकारियों पर नकेल कसी जा रही है। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार्यपालक अभियंता राजीव कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के गंभीर आरोप में मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (PC Act) के तहत कांड संख्या 15/2026 के रूप में दर्ज की गई है।
कार्यपालक अभियंता के ठिकानों पर छापा
मिल रही जानकारी के मुताबिक अभियंता राजीव कुमार पर करीब 1.10 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। निगरानी इकाई की प्रारंभिक जांच में आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति होने के संकेत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष न्यायाधीश, निगरानी के आदेश पर एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी शुरू की गई।
आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज
पटना में स्थित उनके विभिन्न ठिकानों पर निगरानी टीम द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इसमें फ्लैट नंबर B-202, सुमित चंद्रम गृह अपार्टमेंट में विस्तृत जांच की जा रही है, जहां से महत्वपूर्ण दस्तावेजों के मिलने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा दानापुर स्थित लैंडमार्क गोल्ड अपार्टमेंट में मौजूद उनके एक अन्य फ्लैट पर भी छापेमारी की गई है।
अभियंता के दफ्तर में भी छापा
निगरानी टीम ने अभियंता के कार्यालय, पंत भवन की छठी मंजिल पर भी जांच शुरू कर दी है। यहां से विभागीय दस्तावेजों, फाइलों और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की गहन पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इन दस्तावेजों के आधार पर संपत्ति के स्रोतों और लेन-देन की विस्तृत जानकारी सामने आ सकती है।
विशेष निगरानी इकाई के अधिकारियों के अनुसार तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण कागजात और संभावित संपत्ति से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। टीम इन दस्तावेजों का विश्लेषण कर रही है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि अभियंता ने किन स्रोतों से इतनी बड़ी संपत्ति अर्जित की।
सूत्रों की मानें तो इस मामले में आगे और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। जांच के दायरे में अन्य लोगों के भी आने की संभावना जताई जा रही है, जिनका संबंध अभियंता के आर्थिक लेन-देन से हो सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











