TMC नेता जहांगीर खान को 5 दिनों की पुलिस कस्टडी, नेपाल बॉर्डर से हुआ था गिरफ्तार
Kolkata : पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फालता से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता जहांगीर खान को कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। सोमवार को भारत-नेपाल सीमा से गिरफ्तार किए गए जहांगीर खान को मंगलवार को डायमंड हार्बर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 5 दिनों की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है।
भारत-नेपाल बॉर्डर से हुए गिरफ्तार
बंगाल चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद से ही जहांगीर खान लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था और फरार चल रहा था। उन पर 'जबरन वसूली' और डराने-धमकाने के गंभीर आरोप हैं। पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी। आखिरकार, खुफिया जानकारी के आधार पर सोमवार को उत्तर बंगाल में भारत-नेपाल बॉर्डर के पास से दबोच लिया गया, जहां से वे भागने की फिराक में था।
दरअसल, कलकत्ता हाई कोर्ट ने जहांगीर खान को गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा दे रखी थी, जिसे कोर्ट ने 26 मई को वापस ले लिया था। कोर्ट का संरक्षण हटते ही पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन में आ गया, जिसके बाद जहांगीर खान के पास भागने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा था।
खुद को क्यों कहता था 'पुष्पा'?
जहांगीर खान बंगाल चुनाव के दौरान अचानक पूरे देश की मीडिया और राजनीतिक हलकों की सुर्खियों में आ गया था। चुनाव के समय इलाके में कानून व्यवस्था संभालने के लिए तैनात यूपी कैडर के तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा को खुलेआम चुनौती दी थी। आईपीएस अधिकारी को चुनौती देते हुए जहांगीर खान ने मशहूर फिल्मी अंदाज में खुद को 'पुष्पा' बताया था और कहा था कि वह किसी से डरकर झुकेगा नहीं। इस वाकये के बाद से ही मीडिया और राजनीतिक गलियारों में 'फालता का पुष्पा' कहा जाने लगा था। हालांकि, कानूनी शिकंजा कसने के बाद अब 'पुष्पा' पुलिस की गिरफ्त में हैं और पूछताछ की जा रही है।
फालता में दोबार हुआ था चुनाव
बता दें कि फालता विधानसभा सीट पर 29 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान बड़े पैमाने पर ईवीएम से छेड़छाड़ और चुनावी धांधली की शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद चुनाव आयोग ने इस सीट का चुनाव रद्द कर 21 मई को दोबारा मतदान कराने का आदेश दिया था। यहां से दोबारा हुए चुनाव ठीक पहले TMC के उम्मीदवार जहांगीर खान के मैदान से हटने के बाद, कड़े केंद्रीय सुरक्षा बलों के साये में हुए इस चुनाव के नतीजों में बीजेपी के उम्मीदवार देबांग्शु पांडा ने रिकॉर्ड 1,09,021 वोटों के अंतर से बड़ी जीत दर्ज की, जबकि माकपा (CPI-M) के उम्मीदवार दूसरे स्थान पर रहे और टीएमसी की जमानत जब्त हो गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











