44वीं वाहिनी एसएसबी में हिंदी पखवाड़ा का शुभारंभ, ‘हिंदी सीखो, हिंदी बोलो और हिंदी पर गर्व करो’ थीम पर 14 दिनों तक होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं
नरकटियागंज। 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), नरकटियागंज के वाहिनी मुख्यालय परिसर में बल मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल, नई दिल्ली के निर्देशानुसार हिंदी पखवाड़ा कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट श्री बलवंत सिंह नेगी के मार्गदर्शन एवं द्वितीय कमान अधिकारी श्री गोविंद कुमार ठाकुर की उपस्थिति में हुआ। हिंदी पखवाड़ा 21 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
14 दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम के दौरान बलकर्मियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें हिंदी निबंध लेखन, वाद-विवाद, स्वरचित कविता पाठ, हिंदी टंकण, प्रश्नोत्तरी तथा शब्दावली प्रतियोगिता शामिल हैं। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। वर्ष 2026 के हिंदी पखवाड़ा का थीम ‘हिंदी सीखो, हिंदी बोलो और हिंदी पर गर्व करो’ रखा गया है।
इस पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य कार्यालयीन कामकाज में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना तथा कर्मचारियों में हिंदी के प्रति जागरूकता पैदा करना है। इस अवसर पर संबोधित करते हुए कमांडेंट श्री बलवंत सिंह नेगी ने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और राष्ट्र को जोड़ने वाला सूत्र है। उन्होंने दैनिक एवं प्रशासनिक कार्यों में गर्व के साथ हिंदी का प्रयोग करने तथा कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी के प्रयोग का प्रतिशत बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि तकनीक के वर्तमान दौर में हिंदी में काम करना पहले की अपेक्षा और भी आसान हो गया है। इसलिए सभी बलकर्मियों को अपने दैनिक कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित होना चाहिए।
कार्यक्रम में श्री ज्ञानेंद्र कुमार, डिप्टी कमांडेंट, 44वीं वाहिनी, श्री तरुण यादव, सहायक कमांडेंट, निरीक्षक/सामान्य बलवीर राम सहित वाहिनी मुख्यालय में उपस्थित सभी बलकर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।