'लालू जी मेंटली गड़बड़ा गए हैं', सुरक्षा विवाद पर अशोक चौधरी का बड़ा हमला, नीतीश कुमार का किया बचाव

Jun 18, 2026 - 17:41
'लालू जी मेंटली गड़बड़ा गए हैं', सुरक्षा विवाद पर अशोक चौधरी का बड़ा हमला, नीतीश कुमार का किया बचाव

PATNA : पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास और लालू प्रसाद यादव-राबड़ी देवी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर लगाए गए आरोपों के बाद अब जदयू नेता और बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। 

दरअसल, मीडिया से बातचीत में लालू प्रसाद यादव ने सुरक्षा और आवास से जुड़े विवाद पर कहा था कि, "सब कुछ नीतीश कुमार ही करवा रहे हैं।" लालू यादव के इस बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए गुरुवार को मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि "लालू जी मेंटली गड़बड़ा गए हैं। जब तक नीतीश कुमार सत्ता में थे, तब तक आप राबड़ी आवास में रहे। अब सरकार ने आपको अलग से व्यवस्थित जगह उपलब्ध करा दी है, फिर भी आप दबाव की राजनीति कर रहे हैं और कह रहे हैं कि सब नीतीश कुमार करवा रहे हैं।" 

उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में राजनीतिक हस्तक्षेप के आरोपों को खारिज करते हुए अशोक चौधरी ने कहा कि सुरक्षा और आवास से जुड़े सभी निर्णय सुरक्षा समिति और पुलिस विभाग द्वारा तय किए जाते हैं। इसमें किसी प्रकार का राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं होता है।

सुरक्षा में हुआ बदलाव 

गौरतलब है कि राज्य सरकार ने हाल ही में वीआईपी सुरक्षा की समीक्षा के बाद लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की जेड प्लस सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया था। इसके बाद दोनों नेताओं ने अपने आवास पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को वापस भेज दिया था और राजद नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने खुद मोर्चा संभाल लिया था।

बिहार पुलिस का स्पष्टीकरण 

इस बीच बिहार पुलिस मुख्यालय ने भी इस पूरे विवाद पर स्पष्टीकरण जारी किया है। पुलिस मुख्यालय के सुरक्षा प्रभाग की ओर से कहा गया है कि लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को बिहार विशेष सुरक्षा दल अधिनियम-2010 और राज्य सरकार के प्रावधानों के अनुरूप सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।
 
पुलिस ने कहा है कि दोनों नेताओं को अंगरक्षक, आवास गार्ड, स्कॉट गार्ड, पायलट के साथ बुलेट रेसिस्टेंट (BR) कार भी दी गई है। इसके अलावा खतरे के आकलन के आधार पर सादे लिबास में स्पेशल ब्रांच (एसबी) के सुरक्षाकर्मी भी तैनात किए गए हैं। बिहार पुलिस का कहना है कि दोनों नेताओं को अनुमान्यता के अनुरूप पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की गई है।
  

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0