टीम इंडिया कैंप से जुड़े जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी, अफगानिस्तान टेस्ट से पहले बढ़ी चर्चा
SPORTS DESK : जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। रणजी ट्रॉफी में लगातार शानदार प्रदर्शन के बावजूद उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए मुख्य टीम में जगह नहीं मिली थी लेकिन अब उनकी टीम इंडिया कैंप में एंट्री हो गई है।
फिलहाल आकिब नबी को बैकअप खिलाड़ी के तौर पर भारतीय कैंप से जोड़ा गया है। वह फिलहाल कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम के साथ अभ्यास कर रहे हैं। हालांकि उन्हें आधिकारिक टेस्ट स्क्वॉड में शामिल नहीं किया गया है, लेकिन टीम के साथ उनका जुड़ना भविष्य के लिए बड़े संकेत माना जा रहा है।
आकिब नबी ने पिछले दो रणजी सीजन में अपनी गेंदबाजी से तहलका मचा दिया। उन्होंने 29 मैचों की 34 पारियों में 104 विकेट हासिल किए हैं। वहीं पिछले सीजन में अकेले 60 विकेट लेकर जम्मू-कश्मीर को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। यही वजह है कि जब अफगानिस्तान टेस्ट के लिए टीम चुनी गई और आकिब नबी का नाम उसमें नहीं था, तो क्रिकेट विशेषज्ञों और फैंस ने चयनकर्ताओं के फैसले पर सवाल उठाए थे।
अब माना जा रहा है कि भारतीय टीम मैनेजमेंट उनकी प्रतिभा पर करीब से नजर रख रहा है। खासकर अक्टूबर में होने वाले न्यूजीलैंड दौरे को देखते हुए आकिब नबी मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं। न्यूजीलैंड की पिचें सीम और स्विंग गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती हैं और यही आकिब नबी की सबसे बड़ी ताकत है।
ऐसे में भले ही अफगानिस्तान टेस्ट में उन्हें मौका मिलता नजर नहीं आ रहा हो लेकिन टीम इंडिया कैंप में एंट्री उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत का पहला बड़ा कदम साबित हो सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











