झामुमो के गिरिडीह विधायक के बिगड़े बोल, पत्रकारों को पतलकार बोला

गिरिडीह के पत्रकारों ने किया जेपी चौक पर विधायक का पुतला दहन

Mar 14, 2023 - 06:30
झामुमो के गिरिडीह विधायक के बिगड़े बोल, पत्रकारों को पतलकार बोला

गिरिडीह :

झारखंड विधानसभा में बजट सत्र के दौरान चर्चा के क्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा के गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने झारखण्ड के पत्रकारों के लिए अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया है। जिसे लेकर गिरिडीह के पत्रकारों ने विधायक के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया और स्थानीय जेपी चौक पर उनका पुतला दहन किया। इस दौरान पत्रकारों ने विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी किया।

इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि विधायक ने सदन में झारखण्ड के पत्रकारों को पतलकार कह कर सम्बोधित किया। जिसे इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट की झारखंड इकाई ने काफी गम्भीरता से लिया है। राजेश ने कहा कि आईएफडब्ल्यूजे के राष्ट्रीय अध्यक्ष के विक्रमराव जी ने विधायक के बिगड़े बोल पर पूरे झारखंड में इसका विरोध करने का निर्णय लिया है। संगठन के केंद्रीय कमिटी एवं प्रदेश कमिटी के निर्देशानुसार झारखंड के सभी जिलों में गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू का पुतला दहन करने का निर्णय लिया है। जिसके तहत आज गिरिडीह में पुतला दहन किया गया। प्रदेश उपाध्यक्ष ने विधायक से पत्रकारों के लिये किये गये अशोभनीय भाषा के प्रयोग के लिये सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने को कहा।

जेपी चौक पर विधायक का पुतला दहन कार्यक्रम में संगठन के जिला महासचिव विलियम जैकब, संगठन सचिव अजय चौरसिया, जिला सचिव संजय कुमार, कोषाध्यक्ष अख्तर इमाम, विजय यादव, मो असलम समेत काफी संख्या में पत्रकार साथी मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0