3.96 लाख किसानों के खाते में गए 200 करोड़ रुपये, CM सम्राट ने भेजी अनुदान राशि भेजी, 13 जिलों में फसलों का हुआ है नुकसान

Jun 22, 2026 - 16:44
3.96 लाख किसानों के खाते में गए 200 करोड़ रुपये, CM सम्राट ने भेजी अनुदान राशि भेजी, 13 जिलों में फसलों का हुआ है नुकसान

PATNA : बिहार के किसानों को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत 3.96 लाख से अधिक प्रभावित किसानों के बैंक खातों में 200 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी। यह राशि मार्च 2026 में आई आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से फसल नुकसान झेलने वाले किसानों को दी गई है। हर किसान को करीब 5 हजार रुपये मिलेंगे। 

मुख्यमंत्री ने बताया कि मार्च 2026 में आई प्राकृतिक आपदा से बिहार के 13 जिलों में फसलों को भारी नुकसान हुआ था। इनमें सहरसा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, मधेपुरा, अररिया, बेगूसराय, पूर्णिया, दरभंगा, किशनगंज, खगड़िया, मधुबनी, सुपौल और भागलपुर शामिल हैं। इन जिलों में 33 प्रतिशत से अधिक फसल क्षति की रिपोर्ट मिलने के बाद सरकार ने प्रभावित किसानों को राहत देने का फैसला लिया।

किसानों के लिए 260.71 करोड़ रुपये का प्रावधान

सरकार ने किसानों की सहायता के लिए कुल 260.71 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसमें आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 200 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए, जबकि कृषि विभाग के अनुरोध पर अतिरिक्त 60.71 करोड़ रुपये की राशि भी मंजूर की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों को हर परिस्थिति में सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।

किसानों का हौसला बढ़ाने की योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि इनपुट अनुदान योजना केवल आर्थिक सहायता देने की योजना नहीं है, बल्कि यह किसानों में आत्मविश्वास और स्थिरता बढ़ाने का भी माध्यम है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण असामयिक बारिश, आंधी और ओलावृष्टि जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ता है। ऐसे समय में सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है।

पीएम किसान और फसल बीमा योजना का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि भी किसानों के खातों में भेजी गई है। उन्होंने किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि इससे प्राकृतिक आपदाओं के समय अतिरिक्त सुरक्षा मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार किसानों की आय बढ़ाने, खेती को सुरक्षित बनाने और प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सहायता राशि प्रभावित किसानों को दोबारा खेती शुरू करने में मदद करेगी और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाएगी।

कार्यक्रम में कई मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सादा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0