बाढ़ के खतरे के बीच CM सम्राट ने इन इलाकों का किया हवाई सर्वे, NDRF-SDRF की टीम अलर्ट, रेल प्रशासन भी तैयार

Aug 27, 2026 - 16:01
बाढ़ के खतरे के बीच CM सम्राट ने इन इलाकों का किया हवाई सर्वे, NDRF-SDRF की टीम अलर्ट, रेल प्रशासन भी तैयार

Bihar Flood Alert : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को नेपाल से सटे कई जिलों का हवाई सर्वे किया. नेपाल में आई बाढ़ की वजह से बिहार में भी बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. इस खतरे को देखते हुए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम को हाई अलर्ट रहने का आदेश जारी किया गया है. पूरे 8 जिलों में एहतियात बरती जा रही है.

सीएम सम्राट ने एक्स के जरिए दी जानकारी

सीएम सम्राट चौधरी के साथ डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे. हवाई सर्वे की तस्वीरों को सीएम ने एक्स पर शेयर किया. एक्स के जरिए यह जानकारी दी कि नेपाल में आए सैलाब को देखते हुए बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों बगहा, वाल्मीकिनगर, बेतिया और मोतिहारी में बाढ़ की स्थिति का सर्वेक्षण किया.

यह भी जानकारी दी कि इस दौरान संभावित प्रभावों, आवश्यक एहतियाती उपायों, सुरक्षा और राहत-बचाव कार्यों को लेकर प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की. साथ ही संबंधित अधिकारियों को पूरी तत्परता के साथ आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए. बाढ़ प्रभावित इलाकों में नागरिकों की सुरक्षा और हर संभव सहायता उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.

अधिकारियों को किया अलर्ट

सीएम सम्राट चौधरी ने मुख्य रूप से गंडक और कोसी नदी का जायजा लिया. इस तरह से बाढ़ के खतरे को देखते हुए सरकार भी पूरी तरह से सतर्क है. नेपाल से सटे इलाकों में खासकर निगरानी की जा रही है. अधिकारियों को भी 24 घंटे अलर्ट रहने और हर एक गतिविधि पर नजर बनाए रखने का आदेश दिया है.

रेलवे की तरफ से भी तैयारी

बिहार में बाढ़ की संभावना को देखते हुए रेलवे की ओर से भी तैयारी की गई है. समस्तीपुर रेल मंडल ने रेलवे ट्रैक, पुल और पुल-पुलियों की निगरानी तेज कर दी है. रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि बाढ़ का पानी बढ़ने से ट्रैक या पुलों की सुरक्षा प्रभावित होने की आशंका हुई तो संबंधित रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन तत्काल रोका या नियंत्रित किया जाएगा.

मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया है. रेलवे कर्मचारियों को अपने-अपने इलाकों में अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0