बायोटेक्नोलॉजी विभिन्न विषयों का समुच्चय है : डॉ. मो. अली हुसैन
मिर्जा गालिब कॉलेज में विद्यार्थी दिवस पर कार्यक्रम आयोजित, पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन में लारैबा खान ने हासिल किया प्रथम स्थान
गयाजी। शहर के प्रतिष्ठित अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थान मिर्जा गालिब कॉलेज, गया के बायोटेक्नोलॉजी विभाग की ओर से भारतरत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती एवं विद्यार्थी दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मो. अली हुसैन ने किया। इस अवसर पर उन्होंने बायोटेक्नोलॉजी के महत्व, उपयोगिता और रोजगार की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्राचार्य डॉ. मो. अली हुसैन ने कहा कि बायोटेक्नोलॉजी विभिन्न विषयों का समुच्चय है। आवश्यकता ही आविष्कार की जननी है। कोरोना महामारी के दौरान वैक्सीन का निर्माण बायोटेक्नोलॉजी की महत्वपूर्ण उपलब्धि रही है। उन्होंने कहा कि यह रोजगारपरक पाठ्यक्रम है, जिसमें विद्यार्थियों के लिए भविष्य में बेहतर संभावनाएं हैं। समय के साथ मनुष्य की आवश्यकताएं बदलती रहती हैं और उसके सामने नई-नई समस्याएं आती हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए वह नए-नए तरीकों और तकनीकों का सहारा लेता है। तुलनात्मक अध्ययन के माध्यम से भी समस्याओं के समाधान खोजे जाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया। कॉलेज के शासी निकाय के सचिव शकील अहमद खान ने कार्यक्रम में शामिल सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों के ज्ञान, प्रतिभा और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के लिए इस तरह के शैक्षणिक कार्यक्रमों के नियमित आयोजन पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान बायोटेक्नोलॉजी पार्ट-1 और पार्ट-2 के कुल नौ विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया। प्रस्तुतियों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में बायोटेक्नोलॉजी पार्ट-3 की छात्रा लारैबा खान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, बायोटेक्नोलॉजी पार्ट-2 की आकांक्षा कुमारी ने द्वितीय तथा अलमास हुसैन ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त अन्य सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देने की भी घोषणा की गई। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. एजाज जावेद और डॉ. मिनहाज आलम शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन बायोटेक्नोलॉजी विभाग की समन्वयक डॉ. इरफाना नाहिद ने किया। इस अवसर पर शासी निकाय के शिक्षाविद सदस्य एसएम औबैदुल्लाह, डॉ. अकील अहमद, डॉ. मो. फैजान सहित शिक्षकेतर कर्मचारी राशिद अली, मेहंदी हसन, मुजम्मिल, अंशु, अरमान और गणेश समेत कई शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ. इबरार खान एवं डॉ. अकरम वारिस ने दी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0





