गया कॉलेज और मिर्जा गालिब कॉलेज फाइनल में पहुंचे, अंतर महाविद्यालय पुरुष फुटबॉल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में रोमांचक मुकाबले, 27 सितंबर को होगा फाइनल
गयाजी। मगध विश्वविद्यालय, बोधगया अंतर महाविद्यालय पुरुष फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 के तीसरे दिन गांधी मैदान स्थित हरिहर सुब्रमण्यम स्टेडियम में सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पहले सेमीफाइनल में एस. सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद और गया कॉलेज, गया के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें गया कॉलेज की टीम ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
दूसरे सेमीफाइनल में आर.एल.एस.वाई. कॉलेज, औरंगाबाद और मिर्जा गालिब कॉलेज, गया की टीमें आमने-सामने हुईं। इसमें मिर्जा गालिब कॉलेज, गया की टीम विजयी रही और फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 27 सितंबर 2026 (रविवार) को हरिहर सुब्रमण्यम स्टेडियम, गांधी मैदान में खेला जाएगा। ज्ञात हो कि प्रतियोगिता का आयोजन 21 से 24 सितंबर 2026 तक निर्धारित है।
सेमीफाइनल मुकाबले का शुभारंभ मिर्जा गालिब कॉलेज के सचिव शकील अहमद खान ने गेंद पर किक मारकर किया। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मो. अली हुसैन, चेयरमैन काउंसिल अशफाक अली, डॉ. मो. शहाबुद्दीन, डॉ. जोफैल हसन, डॉ. मो. सफदर अली, सैयद नियाजुद्दीन, मो. शमीम, खतीब अहमद, शब्बीर आलम, डॉ. प्रियंका एवं सुश्री लुब्ना अंबरीन सहित कई खिलाड़ी, बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।यह जानकारी कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ. इबरार खान एवं डॉ. अकरम वारिस ने दी।