देवघर में जल जीवन मिशन की उच्चस्तरीय समीक्षा, 2 अक्टूबर को मनेगा ‘जल अर्पण दिवस’
देवघर/रांची। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अबु इमरान ने देवघर समाहरणालय में संताल परगना के सभी छह जिलों—देवघर, दुमका, गोड्डा, साहेबगंज, जामताड़ा और पाकुड़—में जल जीवन मिशन (JJM) और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा की।
देवघर/रांची:- पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अबु इमरान ने देवघर समाहरणालय में संताल परगना के सभी छह जिलों—देवघर, दुमका, गोड्डा, साहेबगंज, जामताड़ा और पाकुड़—में जल जीवन मिशन (JJM) और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आपसी समन्वय के साथ लंबित समस्याओं का जल्द समाधान करते हुए शेष योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने सभी प्रमंडल कंट्रोल रूम और टोल-फ्री नंबर को क्रियाशील रखने का भी निर्देश दिया।
सचिव अबु इमरान ने कहा कि आगामी 2 अक्टूबर को ‘जल अर्पण दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान पूर्ण हो चुकी पेयजल योजनाओं का ‘हर घर जल’ सर्टिफिकेशन प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही जलापूर्ति के दौरान पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों और संवेदकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। जल स्रोतों की सुरक्षा के लिए इंटेकवेल के आसपास खनन और बालू उठाव पर पूर्ण रोक लगाने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत 5-Star ODF Plus गांवों की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया। PM-JANMAN, सांसद आदर्श ग्राम योजना और आकांक्षी क्षेत्रों के गांवों को प्राथमिकता के आधार पर 5-Star ODF Plus घोषित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पूर्व में ODF Plus घोषित गांवों का भौतिक सत्यापन जल्द पूरा करने को कहा गया।
गांवों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाने और एकल-उपयोग प्लास्टिक पर रोक लगाने के लिए ग्रामसभाओं में प्रस्ताव पारित कराने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में देवघर के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया, उप विकास आयुक्त, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के वरीय पदाधिकारी, अधीक्षण अभियंता, संबंधित जिलों के कार्यपालक अभियंता और विभिन्न एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







