IND vs AFG Test: भारत और अफगानिस्तान के बीच 8 साल बाद फिर टक्कर, जानिए न्यू चंडीगढ़ में कैसा रहेगा पिच और मौसम का मिजाज?
SPORTS DESK : भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार 6 जून से एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा। न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेन्द्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला कई मायनों में खास रहने वाला है। भले ही यह मैच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं है, लेकिन दोनों टीमों के लिए अपनी ताकत परखने का सुनहरा मौका होगा।
भारत और अफगानिस्तान की टेस्ट क्रिकेट में यह दूसरी भिड़ंत होगी। इससे पहले 2018 में दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट मैच खेला गया था, जिसमें भारतीय टीम ने एकतरफा अंदाज में जीत हासिल की थी। आठ साल बाद दोनों टीमें फिर आमने-सामने होंगी तो क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इस मुकाबले पर टिकी रहेंगी।
मुल्लांपुर स्थित यह मैदान पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय टेस्ट मैच की मेजबानी करने जा रहा है। काली मिट्टी से बनी पिच शुरुआती दिनों में तेज गेंदबाजों को मदद दे सकती है। नई गेंद से उछाल, सीम और स्विंग देखने को मिल सकती है, खासकर तब जब मौसम में नमी मौजूद हो।
हालांकि मैच आगे बढ़ने के साथ पिच का स्वभाव बदल सकता है। तीसरे और चौथे दिन से स्पिन गेंदबाजों को टर्न और अतिरिक्त मदद मिलने की उम्मीद है। ऐसे में दोनों टीमों के स्पिनर्स मैच का रुख बदल सकते हैं। टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद कर सकती है क्योंकि बाद में बल्लेबाजी करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
मौसम की बात करें तो पहले दिन बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे खेल प्रभावित हो सकता है। हालांकि मैदान का ड्रेनेज सिस्टम आधुनिक है और बारिश रुकने के कुछ ही समय बाद खेल शुरू कराया जा सकता है। राहत की बात यह है कि बाकी चार दिनों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
भारतीय टीम की नजरें कप्तान शुभमन गिल, विकेटकीपर ऋषभ पंत और युवा बल्लेबाज साईं सुदर्शन पर होंगी, जबकि गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव से बड़ी उम्मीदें रहेंगी। दूसरी ओर अफगानिस्तान की टीम अपने कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी, इब्राहिम जादरान और अजमतुल्लाह उमरजई के दम पर चुनौती पेश करना चाहेगी।
क्रिकेट फैंस को उम्मीद है कि आठ साल के लंबे इंतजार के बाद भारत और अफगानिस्तान के बीच यह टेस्ट मुकाबला रोमांचक साबित होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











