रांची में 407 श्रमिकों को स्वच्छता कार्यों से जोड़ा गया, छठ से पहले सफाई अभियान तेज करने का निर्देश
रांची: रांची नगर निगम शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और शहरी श्रमिकों को रोजगार से जोड़ने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में DAY-NULM (दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन) के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री श्रमिक योजना (MSY), वेंडिंग जोन, लेबर चौक, लेबर शेड और शेल्टर होम की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
रांची: रांची नगर निगम शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और शहरी श्रमिकों को रोजगार से जोड़ने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में DAY-NULM (दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन) के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री श्रमिक योजना (MSY), वेंडिंग जोन, लेबर चौक, लेबर शेड और शेल्टर होम की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में मुख्यमंत्री श्रमिक योजना के तहत अब तक 407 श्रमिकों का स्वच्छता कार्यों के लिए निबंधन किया गया है। इन श्रमिकों को नगर निगम की विभिन्न शाखाओं से जोड़कर सफाई कार्यों में लगाया गया है। नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निगम के नियमित श्रमिकों और MSY के तहत निबंधित श्रमिकों के बीच किसी प्रकार की दोहरी निबंधन या ड्यूटी की स्थिति नहीं होनी चाहिए।
आगामी छठ महापर्व, सोहराय और गुरुनानक जयंती को देखते हुए अधिक से अधिक निबंधित श्रमिकों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा वेंडिंग जोन, नदियों, बड़े नालों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई में भी इनकी सेवाएं लेने को कहा गया।
लेबर चौक और शेड की व्यवस्था होगी मजबूत
बैठक में जानकारी दी गई कि फिलहाल डोरंडा बाजार, स्वर्गीय दुर्गा सोरेन चौक और हज हाउस के समीप लेबर चौक की व्यवस्था तैयार है। वहीं, अन्य पांच स्थानों पर भी लेबर चौक विकसित करने की प्रक्रिया चल रही है। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और सामुदायिक संगठनकर्ताओं को इन स्थलों की नियमित देखरेख करने तथा श्रमिकों को लेबर शेड का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया। निर्माणाधीन और प्रक्रियाधीन लेबर शेड का काम जल्द पूरा करने को भी कहा गया।
वेंडिंग जोन में व्यवस्थित होंगे फुटपाथ विक्रेता
मोरहाबादी रजिस्ट्री ऑफिस के पास स्थित वेंडिंग जोन में साप्ताहिक हाट-बाजार के सब्जी विक्रेताओं को अस्थायी रूप से व्यवस्थित करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही कचहरी चौक से नागा बाबा खटाल तक के दाभ विक्रेताओं को चरणबद्ध तरीके से वेंडिंग जोन के निर्धारित हिस्से में शिफ्ट करने की योजना पर काम करने को कहा गया।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि फल और सब्जी विक्रेताओं से किसी भी प्रकार की अवैध वसूली नहीं होनी चाहिए। ऐसी शिकायत मिलने या अवैध वसूली की गतिविधि सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
ठंड से पहले दुरुस्त होंगे शेल्टर होम
आगामी सर्दी के मौसम को देखते हुए नगर आयुक्त ने पहले से संचालित सभी शेल्टर होम को दुरुस्त करने और वहां जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। जरूरतमंदों और निराश्रित लोगों को ठंड से बचाने के लिए पिछले वर्ष की तरह अस्थायी शेल्टर होम भी बनाए जाएंगे। इसके लिए उपयुक्त स्थानों का जल्द चयन करने को कहा गया है।
बैठक में सहायक नगर आयुक्त, नगर अभियान प्रबंधक, सहायक अभियंता और DAY-NULM शाखा के अन्य कर्मी उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







