झारखंड स्थापना पखवाड़ा: विकास और जनभागीदारी की दिख रही झलक, महिला सशक्तीकरण से लेकर स्वच्छता अभियान तक कई कार्यक्रम
झारखंड स्थापना पखवाड़े के तहत राज्यभर में महिला सशक्तीकरण, ग्रामीण आजीविका, आवास, पोषण, स्वच्छता और खेल गतिविधियों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। विभिन्न जिलों में सरकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।
रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित स्थापना पखवाड़ा राज्यभर में विकास और जनभागीदारी के उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। ‘विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं का उत्सव’ थीम के तहत विभिन्न जिलों में महिला सशक्तीकरण, ग्रामीण आजीविका, कृषि, आवास, पोषण, शिक्षा, स्वच्छता और नशामुक्ति को लेकर कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रांची, गढ़वा, लातेहार, दुमका, कोडरमा, गिरिडीह, गुमला और सरायकेला-खरसावां में सरकारी योजनाओं के जरिए लोगों को लाभ पहुंचाने के साथ विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल
स्थापना पखवाड़े के तहत महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के लिए कई पहल की गई हैं। रांची के रातू प्रखंड में फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत पांच महिलाओं को 1.90 लाख रुपये के स्वीकृति पत्र दिए गए। वहीं, इटकी में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत तीन मृतक लाभुकों के आश्रितों को कुल छह लाख रुपये की बीमा राशि मिली।
सोनाहातू में मंईयां सम्मान योजना की चार लाभुक महिलाओं ने सहायता राशि से बांस की टोकरी बनाने का स्वरोजगार शुरू किया है। वहीं, सादमा प्रोड्यूसर कंपनी के माध्यम से महिला किसानों की शिमला मिर्च की प्रतिदिन करीब दो क्विंटल बिक्री हो रही है, जिससे लगभग 15 हजार रुपये का कारोबार हो रहा है। रांची जिले में सामुदायिक निवेश निधि के तहत CLF को 1.97 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की गई।
आवास योजनाओं से सैकड़ों परिवारों को लाभ
आवास योजनाओं के तहत भी विभिन्न जिलों में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए गए। कोडरमा में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, अबुआ आवास, PM-JANMAN और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के तहत 139 परिवारों ने नए घरों में प्रवेश किया।
सरायकेला-खरसावां में 15 से 19 नवंबर तक आयोजित गृह प्रवेश सप्ताह के दौरान 626 परिवारों को नए आवास मिले। इनमें 19 नवंबर को 92 परिवारों ने गृह प्रवेश किया। गिरिडीह में भी विभिन्न ग्रामीण आवास योजनाओं के लाभुकों ने नवनिर्मित घरों में प्रवेश किया। इसके अलावा गुमला के रायडीह प्रखंड में नई WBM सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया, जबकि गढ़वा के डंडई और धुरकी में तालाब एवं सड़क निर्माण योजनाओं का शिलान्यास हुआ।
पोषण और पशुधन संरक्षण पर विशेष जोर
राज्यभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में पूरक पोषाहार कार्यक्रम के तहत THR और गर्म पका भोजन वितरण के साथ स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी और पोषण व्यंजन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। 19 नवंबर को इन गतिविधियों में राज्यभर में 1,03,308 लोगों ने भाग लिया। गिरिडीह में 1,213 आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां आयोजित हुईं। वहीं, रांची में 1,561 बकरियों का टीकाकरण किया गया।
स्वच्छता और नशामुक्ति का संदेश
गिरिडीह, लातेहार, दुमका, गुमला और सरायकेला-खरसावां समेत विभिन्न जिलों में तंबाकू निषेध शपथ, जागरूकता रैलियां और नुक्कड़ संवाद आयोजित किए गए। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर पंचायतों में स्वच्छ शौचालय के नियमित उपयोग और रखरखाव को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। कोडरमा और दुमका में सार्वजनिक शौचालयों की सफाई और सफाई मित्रों के प्रशिक्षण पर भी जोर दिया गया।
खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ रहे युवा
दुमका में जिला स्तरीय फुटबॉल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। गुमला, लातेहार समेत अन्य जिलों के विद्यालयों में क्विज, निबंध, चित्रकला और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को झारखंड के इतिहास, जनजातीय संस्कृति और महापुरुषों के योगदान से परिचित कराया जा रहा है।
वहीं, रांची के मोरहाबादी मैदान में 20 और 21 नवंबर को पारंपरिक जनजातीय खेल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
स्थापना पखवाड़े की ये गतिविधियां महिला उद्यमिता, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, आधारभूत संरचना, पोषण, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के साथ आत्मनिर्भर एवं विकसित झारखंड के संकल्प को आगे बढ़ा रही हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0




