JPL 2026 Auction : रॉबिन मिंज बने सबसे महंगे खिलाड़ी, 15.25 लाख में कोयलांचल सुपर किंग्स ने खरीदा, कुमार कुशाग्र रहे अनसोल्ड, जानिए किस टीम से जुड़े ईशान किशन

May 30, 2026 - 18:11
JPL 2026 Auction : रॉबिन मिंज बने सबसे महंगे खिलाड़ी, 15.25 लाख में कोयलांचल सुपर किंग्स ने खरीदा, कुमार कुशाग्र रहे अनसोल्ड, जानिए किस टीम से जुड़े ईशान किशन

RANCHI : झारखंड प्रीमियर लीग (JPL) 2026 की नीलामी में रांची के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज रॉबिन मिंज ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं। गुमला के रहने वाले इस खिलाड़ी को कोयलांचल सुपर किंग्स ने 15.25 लाख रुपये की रिकॉर्ड बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया। उनका बेस प्राइस 4 लाख रुपये था।

वहीं, विराट सिंह, ईशान किशन और सुशांत मिश्रा पर भी टीमों ने जमकर दांव लगाया, जबकि आईपीएल खेल चुके कुमार कुशाग्र का अनसोल्ड रह जाना नीलामी का सबसे बड़ा सरप्राइज रहा।

रांची के वेब इंटरनेशनल होटल में आयोजित इस नीलामी में कई खिलाड़ियों पर जमकर बोली लगी। मुंबई इंडियंस की ओर से आईपीएल खेल चुके रॉबिन मिंज को लेकर फ्रेंचाइजियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली और आखिरकार कोयलांचल सुपर किंग्स ने उन्हें अपने साथ जोड़ लिया।

विराट सिंह बने दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी

झारखंड रणजी टीम के उपकप्तान और जमशेदपुर के बाएं हाथ के बल्लेबाज विराट सिंह नीलामी के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। उन्हें छोटानागपुर रॉयल्स ने बड़ी रकम खर्च कर अपनी टीम में शामिल किया। विराट सिंह का बेस प्राइस भी 4 लाख रुपये था।

धनबाद डायमंड्स ने सुशांत मिश्रा को किया शामिल

वहीं, रांची के तेज गेंदबाज सुशांत मिश्रा पर भी टीमों ने भरोसा जताया। उन्हें धनबाद डायमंड्स ने 11 लाख रुपये में खरीदा। झारखंड के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले सुशांत से आगामी सीजन में भी टीम को काफी उम्मीदें रहेंगी।

संथाल स्ट्राइकर्स ने ईशान को अपने साथ जोड़ा

भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को संथाल स्ट्राइकर्स ने 6.25 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा। वहीं, हजारीबाग के ऑलराउंडर उत्कर्ष सिंह को भी कोयलांचल सुपर किंग्स ने 6.25 लाख रुपये में खरीदा। उत्कर्ष का बेस प्राइस 4 लाख रुपये था। झारखंड के अनुभवी ऑलराउंडर और आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स का प्रतिनिधित्व कर चुके अनुकूल रॉय को जमशेदपुर स्टीलर्स ने उनके बेस प्राइस 4 लाख रुपये में खरीद लिया। 

कुमार कुशाग्र को नहीं मिला खरीददार

हालांकि, नीलामी का सबसे बड़ा चौंकाने वाला घटनाक्रम बोकारो के विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को लेकर रहा। गुजरात टाइटंस के लिए आईपीएल खेल चुके कुमार कुशाग्र को किसी भी फ्रेंचाइजी ने नहीं खरीदा और वह अनसोल्ड रह गए।

गौरतलब है कि झारखंड प्रीमियर लीग का आयोजन 10 जून से रांची स्थित जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में किया जाएगा। टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रशंसकों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0