JPSC के पूर्व चेयरमैन एल खियांग्ते गिरफ्तार, छात्रों के आंदोलन के बीच बड़ी कार्रवाई
RANCHI : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही CID ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते को गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के मुताबिक CID की टीम ने उन्हें उनके आवास से ही गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी से पहले जांच एजेंसी उनसे कई दौर की पूछताछ कर चुकी थी.
लगातार हुई पूछताछ
आपको बता दें कि एल खियांग्ते अपने इस्तीफे के बाद से ही लगातार सीआईडी के रडार पर थे. खियांग्ते से 28 जुलाई से लगातार परीक्षा में कथित गड़बड़ी से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ की गई थी. इस दौरान परीक्षा के संचालन, प्रश्नपत्र एवं परीक्षा प्रक्रिया, आउटसोर्स एजेंसी के चयन और आयोग के स्तर पर लिए गए निर्णयों को लेकर CID ने सवाल किए थे. पूछताछ के दौरान सामने आई जानकारियों और जांच में मिले तथ्यों के आधार पर अब एजेंसी ने उनकी गिरफ्तारी की है.
सरकारी आवास और JPSC कार्यालय में हो चुकी है छापेमारी
जांच के क्रम में CID की टीम ने इससे पहले खियांग्ते के कांके रोड स्थित सरकारी आवास के अलावा JPSC कार्यालय में भी तलाशी ली थी. इस दौरान परीक्षा से संबंधित दस्तावेज, रिकॉर्ड और डिजिटल सामग्री की जांच की गई. जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितता किस स्तर पर हुई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे.
अब तक 20 गिरफ्तार, जांच का दायरा बढ़ा
JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में CID की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है. एल खियांग्ते की गिरफ्तारी के बाद अब कुल गिरफ्तारी की संख्या 20 हो गई है. सीआईडी अब भी परीक्षा संचालन से जुड़ी आउटसोर्स एजेंसी, आयोग के तत्कालीन अधिकारियों और अन्य संदिग्ध लोगों की भूमिका को भी खंगाल रही है. पूर्व अध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच और तेज होगी.
JPSC के तीन सदस्यों ने भी दिया इस्तीफा
JPSC विवाद के बीच आयोग के तीन और सदस्यों ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. अजीता भट्टाचार्य, अनीमा हांसदा और जमाल अहमद के इस्तीफे को राज्यपाल ने स्वीकार कर लिया है. इन सदस्यों को भी कथित परीक्षा अनियमितताओं के संबंध में CID ने पूछताछ के लिए नोटिस दिया था.
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर मैसेज पोस्ट करते हुए लिखा है कि स्टूडेंट्स को जल्दी इंसाफ दिलाने और चल रहे स्टूडेंट प्रोटेस्ट को जल्दी सुलझाने के लिए, JPSC के पूर्व चेयरपर्सन एल. खियांग्ते को झारखंड CID ने गिरफ्तार कर लिया है.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0













