छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में झारखंड BJP सांसदों ने संसद परिसर में किया प्रदर्शन, बोले : राहुल गांधी के इशारे पर हुआ ये सब 

Aug 12, 2026 - 16:39
छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में झारखंड BJP सांसदों ने संसद परिसर में किया प्रदर्शन, बोले : राहुल गांधी के इशारे पर हुआ ये सब 

NEW DELHI : रांची में विधानसभा घेराव के दौरान हुए जेपीएससी छात्रों पर लाठीचार्ज ने अब राजनीतिक रूप ले लिया है. बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू के नेतृत्व में संसद भवन परिसर में भाजपा सांसदों ने जमकर नारेबाजी की. भाजपा सांसदों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विरोध में जमकर नारे लगाए और छात्रों के साथ हुए बर्बरतापूर्ण कार्रवाई व लाठीचार्ज पर राहुल गांधी एवं कांग्रेस की चुप्पी पर जमकर निशाना साधा.

राहुल गांधी के इशारे पर हुआ लाठीचार्जः आदित्य साहू

संसद भवन परिसर में भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में कांग्रेस के समर्थन से सरकार चल रही है और छात्रों के आंदोलन पर राहुल गांधी चुप हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि जब 10 अगस्त को छात्र विधानसभा का घेराव करने जा रहे थे, उस दौरान राहुल गांधी के इशारे पर लाठीचार्ज किया गया.

उन्होंने कहा कि छात्रों के ऊपर जिस तरह से लाठियां बरसाई गई हैं और कार्रवाई हुई उसके विरोध में छात्रों की नाराजगी बढ़ी हुई है. उनकी एक ही मांग है जिन परीक्षाओं में गड़बड़ियां हुई हैं, उसकी सीबीआई से जांच हो. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस का मुंह बंद है, राहुल गांधी, खड़गे जी सब चुप्पी साधे बैठे हैं. कांग्रेस की यह दोहरी नीति नहीं चलेगी.

अनिश्चितकाल के लिए बंद होगा झारखंड: आदित्य साहू

उन्होंने कहा कि दिल्ली में राहुल गांधी प्रधानमंत्री के आवास पर जाने का काम करते हैं और झारखंड में उनके मुंह पर ताला लगा हुआ है, आखिर ऐसा क्यों है इसे स्पष्ट करना चाहिए. अगर राहुल गांधी में दम है तो वहां जाकर छात्रों से बात करें और मुख्यमंत्री से बात करें. राहुल गांधी को झारखंड सरकार से बात करनी चाहिए कि आखिर 20 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे लाखों छात्रों का क्या होगा.

उन्होंने कहा कि रांची के डीसी-एसपी रात में जाकर बिजली काटने का काम करते हैं और बच्चों को डराने का काम करते हैं. मैं रांची डीसी-एसपी को साफ शब्दों में कहना चाहता हूं कि आप सरकार का एजेंट मत बनिए. यदि छात्रों को कुछ भी होगा तो अभी एक दिन झारखंड बंद हुआ है, आवश्यकता पड़ेगी तो जनता के साथ-साथ भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन झारखंड बंद करने का काम करेगा.

लाठीचार्ज पर राहुल गांधी की प्रतिक्रिया

इस बीच, झारखंड के छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि मैं झारखंड के मामले पर चुप नहीं हूं. मैंने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ कहा था कि हम छात्रों के खिलाफ किसी भी तरह की हिंसा को सही नहीं मानते. मैं इस पर खुलकर बात कह रहा हूं.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0