कर्नाटक की खदान में बिहार के 7 मजदूरों की मौत, 40 फीट ऊंचाई से मजदूरों पर गिरी चट्टान, बोला चश्मदीद - कुछ सेकेंड में सबकुछ हो गया तबाह
NEWS DESK : कर्नाटक के बेंगलुरु साउथ तालुक इलाके में पत्थर खदान में 40 फीट ऊंचाई से चट्टान गिरने से बिहार के 7 मजदूरों की मौत हो गई। हादसे के समय खदान में करीब 18 मजदूर काम कर रहे थे। हादसे में कई अन्य मजदूर घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, घायलों की सटीक संख्या की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस चट्टान गिरने की वजह की जांच कर रही
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मलबा हटाने का काम जारी है। यह भी देखा जा रहा है कि कहीं अन्य मजदूर उसके नीचे तो नहीं दबे हैं। पुलिस के मुताबिक सभी मृतक दिहाड़ी मजदूर थे और स्टोन क्रशर साइट पर काम कर रहे थे। सभी मृतक बिहार के रहने वाले थे। उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। चट्टान गिरने की वजह और खदान में सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शी बोला- पहाड़ी का हिस्सा कुछ ही सेकंड में ढह गया
एक्सकेवेटर चला रहे परशुराम ने बताया कि काम शुरू करने के लिए जैसे ही वह मौके पर पहुंचे और मशीन चालू की, तभी पहाड़ी का एक हिस्सा ढह गया। उन्होंने कहा कि मैं पक्के तौर पर नहीं कह सकता लेकिन उस समय नीचे करीब 18 लोग काम कर रहे थे। मलबे में दबे चार लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि बाकी अब भी मलबे में दबे हैं। हादसा इतना अचानक हुआ कि मजदूरों को संभलने का मौका ही नहीं मिला।
सम्राट चौधरी ने जताया दुख
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर खेद जताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने X पर लिखा, “बेंगलूरु के दक्षिण तालुक स्थित मदापट्टना की पत्थर खदान में हुए भीषण हादसे में बिहार के प्रवासी श्रमिक भाइयों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शोक-संतप्त परिवारों के साथ हैं।”
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











