लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़, 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत, करंट नहीं इस वजह से हुई घटना, DM-ADM ने की पुष्टि

Aug 17, 2026 - 10:29
लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़, 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत, करंट नहीं इस वजह से हुई घटना, DM-ADM ने की पुष्टि

LAKHISARAI : आज सावन की तीसरी सोमवारी है और लखीसराय में सुबह-सुबह हादसा हुआ. जिले के प्रसिद्ध श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर अशोक धाम के पास घटना हुई. इस घटना में 7 महिलाओं की मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि इस हादसे में कई लोग घायल हैं, जिनका इलाज जारी है. मरने वालों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.

डीएम ने बताई मौत की असल वजह

शुरुआती जानकारी में 11 हजार वोल्ट का हाई-टेंशन तार गिरने और करंट लगने से मौत की बात सामने आई थी लेकिन जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और एडीएम नीरज कुमार ने आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि मौत का कारण करंट लगना नहीं बल्कि भगदड़ मचना था.

डीएम ने बताया कि अशोक धाम हॉल्ट पर दोनों ओर से ट्रेन आ गई. ट्रेन को देखकर कुछ युवकों ने अचानक भाग-दौड़ शुरू कर दी. युवकों की भाग-दौड़ के कारण वहां मौजूद बिजली का एक पोल नीचे गिर गया. पोल गिरते ही मौके पर करंट फैलने की अफवाह उड़ गई. उस समय बिजली आपूर्ति वास्तव में बंद थी और तार कवर किया हुआ था, लेकिन अफवाह के कारण श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई. अफवाह सुनते ही भीड़ में भगदड़ मच गई. इसी अफरा-तफरी में दबने से आठ महिला श्रद्धालुओं की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए.

मौके पर राहत-बचाव कार्य जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत और बचाव कार्य जारी है. सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. स्थानीय प्रशासन ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं.

सीएम सम्राट ने जताया दुख

लखीसराय में हुई इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुख जताया है. उन्होंने एक्स के जरिए पोस्ट शेयर किया. इसमें उन्होंने लिखा, 'लखीसराय के अशोकधाम की घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है. हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.'

जलाभिषेक के लिए उमड़ी भीड़

जानकारी के मुताबिक, अशोकधाम मंदिर की खास मान्यता है. इस वजह से सावन के महीने में, महाशिवरात्रि और हर सोमवार को यहां श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ती है. यहां मुख्य शिव मंदिर के साथस-साथ मां पार्वती, नंदी महाराज और मां दुर्गा की भी प्रतिमा है. आज सावन की तीसरी सोमवारी के मौके पर जलाभिषेक के लिए भारी भीड़ जुटी थी. लेकिन एकाएक अफवाह की वजह से भगदड़ मच गई.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0