चकाई में MDM चावल की कालाबाजारी का खुलासा, 23 बोरा जब्त; चालक और मजदूर हिरासत में

चकाई (जमुई): चकाई में सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए मिलने वाले मिड-डे मील (MDM) के चावल की कथित कालाबाजारी का मामला सामने आया है। पूर्व विधान पार्षद संजय प्रसाद की सूचना और कार्रवाई के बाद पुलिस ने 23 बोरा चावल से लदा ट्रक जब्त किया है। मामले में ट्रक चालक और एक मजदूर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Sep 24, 2026 - 10:47
चकाई में MDM चावल की कालाबाजारी का खुलासा, 23 बोरा जब्त; चालक और मजदूर हिरासत में

चकाई (जमुई):-चकाई में सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए मिलने वाले मिड-डे मील (MDM) के चावल की कथित कालाबाजारी का मामला सामने आया है। पूर्व विधान पार्षद संजय प्रसाद की सूचना और कार्रवाई के बाद पुलिस ने 23 बोरा चावल से लदा ट्रक जब्त किया है। मामले में ट्रक चालक और एक मजदूर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

घटना बुधवार देर शाम की बताई जा रही है। पूर्व एमएलसी संजय प्रसाद ने बताया कि वह हेड चकाई गांव की ओर से क्षेत्र भ्रमण कर लौट रहे थे। इसी दौरान खास चकाई के सुनाई दुबे चौक के पास MDM डोर स्टेप डिलीवरी का 407 ट्रक सड़क किनारे खड़ा दिखाई दिया। ट्रक से 4-5 मजदूर चावल की बोरियां उतारकर ई-रिक्शा पर लाद रहे थे।

संजय प्रसाद के मुताबिक, शक होने पर उन्होंने मजदूरों को टोका। इस दौरान तीन मजदूर चावल की बोरी लेकर ई-रिक्शा से मौके से फरार हो गए, जबकि ट्रक चालक और एक मजदूर को पकड़ लिया गया। इसके बाद पुलिस और प्रखंड प्रशासन को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही चकाई थाना पुलिस और प्रखंड प्रशासन मौके पर पहुंचा। पुलिस ने ट्रक पर लदी 23 बोरी MDM चावल जब्त कर ट्रक को थाना ले आई। चालक और मजदूर को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

109 बोरी में से 23 बोरी ही मिली

प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनीष आनंद ने बताया कि बुधवार को प्रखंड के विभिन्न सरकारी स्कूलों के लिए ट्रक पर कुल 109 बोरा MDM चावल लोड किया गया था। अधिकांश स्कूलों में चावल की आपूर्ति कर दी गई थी, जबकि कुछ विद्यालयों में आपूर्ति अभी बाकी थी।

जांच के दौरान ट्रक पर नियमानुसार 37 बोरा चावल होना चाहिए था, लेकिन मौके पर सिर्फ 23 बोरा चावल ही मिला। ऐसे में बाकी 14 बोरा चावल कहां गया, इसकी जांच की जा रही है।

मामले की जानकारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और MDM प्रभारी को भी दी गई है। चकाई थानाध्यक्ष सरबजीत कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पूर्व एमएलसी संजय प्रसाद ने कहा कि गरीब बच्चों के हक के अनाज की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0