बगहा में खेत में चारा काट रही महिला पर बाघ का हमला, मौके पर मौत; विधायक ने मुआवजे का दिया भरोसा
बगहा: वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) के मदनपुर वन क्षेत्र में बुधवार को बाघ के हमले में एक महिला की मौत हो गई। घटना नौरंगिया थाना क्षेत्र के सिरिसिया घोटहवा टोला से सटे मस्जिदिया सरेह की है। मृतका की पहचान सिरिसिया निवासी कोलाई मियां की पत्नी सलमा खातून (35) के रूप में हुई है।
बगहा:- वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) के मदनपुर वन क्षेत्र में बुधवार को बाघ के हमले में एक महिला की मौत हो गई। घटना नौरंगिया थाना क्षेत्र के सिरिसिया घोटहवा टोला से सटे मस्जिदिया सरेह की है। मृतका की पहचान सिरिसिया निवासी कोलाई मियां की पत्नी सलमा खातून (35) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि सलमा खातून दोपहर में पशुओं के लिए चारा काटने खेत की ओर गई थीं। जंगल से करीब 200 मीटर दूर सरेह में चारा काटने के दौरान अचानक बाघ ने उन पर हमला कर दिया। हमले में सिर और गर्दन पर गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलने पर वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा भी मृतका के परिजनों से मिलने पहुंचे। विधायक ने सरकार की ओर से मिलने वाले 10 लाख रुपये के मुआवजे की राशि जल्द दिलाने का भरोसा दिया। साथ ही मृतका के पति को वन विभाग में नौकरी दिलाने के लिए प्रयास करने की बात कही।
बताया जा रहा है कि पिछले दो महीने में बाघ के हमले में चार लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं के बाद वीटीआर से सटे रिहायशी इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि अब खेतों में काम करने और चारा काटने के लिए जाना भी जोखिम भरा हो गया है।
लगातार हो रहे बाघ के हमलों ने वन विभाग की चिंता भी बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने इलाके में निगरानी बढ़ाने और बाघ के हमलों से बचाव के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
- सुरेंद्र प्रसाद, विधायक, वाल्मीकिनगर
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



