बेगूसराय में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, कोचिंग शिक्षक के खिलाफ FIR; गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले के बखरी थाना क्षेत्र में 9वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। छात्रा की मां के लिखित आवेदन के आधार पर 22 सितंबर 2026 को बखरी थाना में आरोपी कोचिंग शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Sep 23, 2026 - 15:57
बेगूसराय में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, कोचिंग शिक्षक के खिलाफ FIR; गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

बेगूसराय:- बिहार के बेगूसराय जिले के बखरी थाना क्षेत्र में 9वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। छात्रा की मां के लिखित आवेदन के आधार पर 22 सितंबर 2026 को बखरी थाना में आरोपी कोचिंग शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

आरोप है कि बखरी के एक निजी कोचिंग संस्थान में पढ़ाने वाला शिक्षक सौरभ कुमार पिछले करीब एक साल से नाबालिग छात्रा से मोबाइल पर बातचीत करता था। पीड़िता के परिजनों के अनुसार, आरोपी ने छात्रा को डरा-धमकाकर उसके साथ यौन शोषण किया। शिकायत में मई 2026 और 16 सितंबर 2026 में दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया गया है।

परिजनों का कहना है कि 16 सितंबर की घटना के बाद छात्रा काफी डरी-सहमी रहने लगी और उसके व्यवहार में बदलाव दिखाई देने लगा। पूछताछ के दौरान छात्रा ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन आरोपी शिक्षक और कोचिंग संचालक के पास शिकायत लेकर पहुंचे। आरोप है कि वहां से उन्हें कथित तौर पर डरा-धमकाकर वापस भेज दिया गया।

इसके बाद छात्रा की मां ने बखरी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की विशेष टीम को भी बुलाया गया।

मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि छात्रा की मां के आवेदन पर बखरी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी कोचिंग शिक्षक पर छात्रा के साथ दुष्कर्म का आरोप है। पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

मामले के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी प्रतिक्रिया सामने आई है। सीपीआई के पूर्व विधायक सूर्यकांत पासवान ने पीड़िता के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद भी तत्काल कार्रवाई नहीं हुई और बाद में प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि यदि 48 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है तो भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी आंदोलन करेगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी।

बाइट: निखिल कुमार, मुख्यालय डीएसपी, बेगूसराय
बाइट: सूर्यकांत पासवान, पूर्व विधायक, CPI

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0