वासेपुर फायरिंग के 36 घंटे बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में दो घायल; चार गिरफ्तार

धनबाद/बाघमारा: वासेपुर के भूली मोड़ पर फायरिंग की घटना के करीब 36 घंटे बाद धनबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में मुख्य शूटर बताए जा रहे चंदन ठाकुर को गोली लगी, जबकि भागने के दौरान प्रिंस कुमार के घायल होने की सूचना है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Sep 24, 2026 - 16:42

पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर को भूली मोड़ के पास बाइक सवार अपराधियों ने गैंगस्टर फहीम खान के भाई सानू खान समेत तीन लोगों पर फायरिंग की थी। इस गोलीबारी में सानू खान के अलावा एक दुकानदार और एक युवती घायल हुई थी। घटना के बाद पुलिस अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गोलीकांड में शामिल आरोपी ईस्ट बसुरिया क्षेत्र के छोटकी बौआ के पास बंद पड़े एक स्कूल में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस के पहुंचते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। उनकी गोली पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी के शीशे में भी लगी, हालांकि पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।

मुठभेड़ के दौरान चंदन ठाकुर को दो गोलियां लगने की जानकारी सामने आई है। वहीं, पुलिस से बचकर भागने के दौरान प्रिंस कुमार के खदान में गिरने से घायल होने की बात कही जा रही है। दोनों को इलाज के लिए अशर्फी अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चंदन ठाकुर, प्रिंस कुमार के अलावा आमिर कुरैशी और जोधन ठाकुर के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से पिस्टल और गोलियां बरामद करने की बात कही है। साथ ही भूली मोड़ गोलीकांड में इस्तेमाल बाइक भी बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आमिर कुरैशी से पूछताछ के दौरान मुख्य शूटर के रूप में चंदन ठाकुर की पहचान हुई। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गोलीकांड के पीछे की पूरी साजिश, हथियारों की सप्लाई और अन्य संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर दी है। मौके से खोखे और हथियार बरामद होने की जानकारी है। पुलिस घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि पुलिस पर कितनी गोलियां चलाई गईं और अपराधियों के पास कौन-कौन से हथियार थे।

भूली मोड़ पर दिनदहाड़े हुई फायरिंग और उसके बाद ईस्ट बसुरिया में हुई मुठभेड़ से धनबाद में अपराध और पुलिस कार्रवाई दोनों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0