साइक्लोन के असर से रामगढ़ में झमाझम बारिश, जनजीवन अस्त-व्यस्त; किसानों को धान की फसल में फायदे की उम्मीद

रामगढ़: बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से रामगढ़ जिले में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। बारिश से जहां मौसम सुहाना हो गया है, वहीं आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। बाजारों में लोगों की आवाजाही कम हो गई है और रोजाना दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार चलाने वाले लोगों के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है।

Sep 24, 2026 - 17:45

बारिश का असर रामगढ़, पतरातू, मांडू, गोला और रजरप्पा क्षेत्र के बाजारों में भी देखने को मिल रहा है। लगातार बारिश के कारण ग्राहक बाजारों में कम पहुंच रहे हैं। वहीं, दिहाड़ी मजदूर भी पिछले दो दिनों से काम पर नहीं जा पा रहे हैं। इससे उनकी रोजमर्रा की आमदनी प्रभावित हुई है।

दूसरी ओर, लगातार हो रही बारिश को किसान धान की खरीफ फसल के लिए फायदेमंद बता रहे हैं। किसानों का कहना है कि हल्की से मध्यम बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी बनी है, जिससे धान की फसल को फायदा मिलने की उम्मीद है। हालांकि, साग-सब्जियों की फसलों में बारिश और तेज हवा से नुकसान की आशंका भी बनी हुई है।

पर्यटन स्थलों पर पसरा सन्नाटा

बारिश का सबसे ज्यादा असर जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर दिखाई दे रहा है। पतरातू डैम, लेक रिसॉर्ट, पतरातू घाटी और पलानी वाटरफॉल में पर्यटकों की आवाजाही लगभग पूरी तरह थम गई है। पतरातू डैम क्षेत्र में नाव, शिकारा और स्टीमर जैसी जल गतिविधियां भी बंद हैं।

पर्यटकों के नहीं पहुंचने से पर्यटन से जुड़े नाविकों और अन्य छोटे कारोबारियों की आय भी प्रभावित हुई है। डैम परिसर और आसपास के पर्यटन क्षेत्रों में सन्नाटा पसरा हुआ है।

लगातार बारिश के कारण जिले के नदी-नालों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। हालांकि, किसानों को उम्मीद है कि अगर बारिश इसी तरह संतुलित रही तो धान की खरीफ फसल के लिए यह बारिश काफी उपयोगी साबित हो सकती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0