आरा में 10 हजार की रिश्वत लेते डाक विभाग का ओवरसियर गिरफ्तार, CBI ने सरकारी आवास पर दबोचा

भोजपुर के आरा में CBI ने डाक विभाग के ओवरसियर पुरुषोत्तम कुमार को 10 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ग्रामीण डाक सेवक से सरकारी काम और फाइल पर हस्ताक्षर के बदले रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत के सत्यापन के बाद CBI ने सरकारी आवास पर ट्रैप कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया और रिश्वत की रकम बरामद की।

Oct 5, 2026 - 14:11
आरा में 10 हजार की रिश्वत लेते डाक विभाग का ओवरसियर गिरफ्तार, CBI ने सरकारी आवास पर दबोचा

भोजपुर: भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भोजपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरा प्रधान डाकघर से जुड़े ओवरसियर पुरुषोत्तम कुमार को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। CBI की टीम ने रविवार रात आरोपी को आरा प्रधान डाकघर स्थित उसके सरकारी आवास से ट्रैप कार्रवाई के दौरान पकड़ा। कार्रवाई के बाद डाक विभाग में हड़कंप मच गया।

आरोप है कि उदवंतनगर प्रखंड के छोटकी सासाराम स्थित उप डाकघर में पदस्थ ग्रामीण डाक सेवक से सरकारी काम कराने और फाइल पर हस्ताक्षर करने के बदले रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, उससे हर तीन महीने पर 10 हजार रुपये की मांग की जाती थी। लगातार रिश्वत की मांग से परेशान होकर ग्रामीण डाक सेवक ने CBI से शिकायत की।

शिकायत मिलने के बाद CBI ने पहले आरोपों का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने के बाद एजेंसी ने ट्रैप की योजना बनाई। रविवार को ग्रामीण डाक सेवक आरोपी के सरकारी आवास पहुंचा और उसे 10 हजार रुपये दिए। इसी दौरान पहले से निगरानी कर रही CBI की टीम ने कार्रवाई करते हुए पुरुषोत्तम कुमार को पकड़ लिया।

बताया जा रहा है कि CBI टीम को देखते ही आरोपी ने रिश्वत की रकम बाहर फेंक दी, लेकिन टीम ने मौके से रकम बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद CBI आरोपी को अपने साथ ले गई और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, पुरुषोत्तम कुमार का प्रमोशन के बाद दो दिन पहले ही अरवल तबादला हुआ था। कार्रवाई के दौरान उसके स्वजनों की ओर से हल्का विरोध भी किया गया, जिसे पुलिस ने समझाकर शांत कराया। मामले में CBI की जांच जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0