3 नवंबर को बहरागोड़ा पहुंचेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट

जमशेदपुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी 3 नवंबर को बहरागोड़ा आगमन को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में उपायुक्त राजीव रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक एहतेशाम वकारिब और जिला वन पदाधिकारी शबा आलम ने बहरागोड़ा स्थित फॉरेस्ट गेस्ट हाउस का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

Oct 31, 2026 - 12:43

जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 3 नवंबर को दिल्ली से वायुसेना के विशेष विमान से पश्चिम बंगाल के कलाइकुंडा एयरबेस पहुंचेंगी। यहां से वे सड़क मार्ग से झारखंड के बहरागोड़ा होते हुए ओडिशा के मयूरभंज जिले स्थित अपने पैतृक गांव रायरंगपुर के लिए रवाना होंगी। इस दौरान राष्ट्रपति बहरागोड़ा फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में कुछ समय के लिए रुकेंगी और दोपहर का भोजन भी करेंगी।

राष्ट्रपति की वापसी यात्रा के दौरान 5 नवंबर को भी बहरागोड़ा फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में उनके विश्राम का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद वे सड़क मार्ग से कलाइकुंडा एयरबेस पहुंचेंगी और वहां से विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगी।

सुरक्षा और व्यवस्था का लिया जायजा

राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर अधिकारियों ने फॉरेस्ट गेस्ट हाउस परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने का निर्देश दिया।

सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की चूक न हो, इसके लिए गेस्ट हाउस परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया है।

निरीक्षण के दौरान बहरागोड़ा के प्रखंड विकास पदाधिकारी केशव भारती, अंचल अधिकारी राजाराम सिंह मुंडा, क्षेत्र के विभिन्न थानों के थाना प्रभारी और अन्य प्रशासनिक कर्मी मौजूद रहे। प्रशासन राष्ट्रपति के आगमन और वापसी यात्रा को लेकर सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने में जुटा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0