पटना में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई रेस्टोरेंट से बासी और एक्सपायर्ड सामान जब्त; अनमोल होटल से 52 किलो पनीर और 10 किलो चिकन नष्ट
पटना: बिहार में लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य संरक्षा विभाग ने पटना और मुजफ्फरपुर में व्यापक जांच अभियान चलाया। 30 अक्टूबर को हुई इस कार्रवाई के दौरान कई होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई। कहीं किचन में गंदगी मिली तो कहीं बासी, सड़ी-गली और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था। विभाग की टीम ने ऐसी सामग्रियों को जब्त कर नष्ट कराया और कई प्रतिष्ठानों को सुधार के लिए नोटिस जारी किया।
पटना: बिहार में लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य संरक्षा विभाग ने पटना और मुजफ्फरपुर में व्यापक जांच अभियान चलाया। 30 अक्टूबर को हुई इस कार्रवाई के दौरान कई होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई। कहीं किचन में गंदगी मिली तो कहीं बासी, सड़ी-गली और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था। विभाग की टीम ने ऐसी सामग्रियों को जब्त कर नष्ट कराया और कई प्रतिष्ठानों को सुधार के लिए नोटिस जारी किया।
अनमोल होटल से बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त
पटना के बुद्ध मार्ग स्थित मेसर्स अनमोल होटल में निरीक्षण के दौरान किचन की साफ-सफाई में कमी और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया। विभागीय कार्रवाई में बड़ी मात्रा में पनीर, चिकन, ग्रेवी, मशरूम, मंचूरियन मसाला और अन्य खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार जब्त सामग्री का कुल मूल्य 36,650 रुपये था। प्रतिष्ठान से पनीर और चिकन के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट उपलब्ध नहीं होने के साथ FIFO नियमों का पालन नहीं किए जाने पर सात दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया।
कई बिरयानी रेस्टोरेंट पर भी हुई कार्रवाई
आशियाना-दीघा रोड स्थित बिरयानी महल में 13 किलो हाफ बॉयल्ड चिकन, 3 किलो वेज आइटम और डेढ़ किलो उबला हुआ मटन जब्त कर नष्ट किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 3,150 रुपये बताई गई।
वहीं, एसके पुरी स्थित बिरयानी बूल्ज में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले। प्रतिष्ठान में कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट और FEFO एवं FIFO व्यवस्था से जुड़े दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे। टीम ने कच्चे बासमती चावल का नमूना जांच के लिए लिया।
एसके पुरी के बोरिंग रोड स्थित बिरयानी महल में भी वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल प्रमाण पत्र और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस दस्तावेज नहीं मिले। यहां से चिकन मसाला और कच्चे मटन के नमूने संग्रहित किए गए।
एक्सपायर्ड सामग्री मिलने पर बंद कराया गया किचन
फ्रेजर रोड स्थित द बिरयानी मॉल में निरीक्षण के दौरान एक्सपायर्ड दूध, अमूल चीज और डेयरी क्रीम समेत अन्य खाद्य सामग्री मिली। करीब 2,000 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त कर नष्ट कराई गई। खाद्य सुरक्षा मानकों में गंभीर कमियां मिलने पर विभाग ने तीन दिनों तक किचन बंद रखने का निर्देश दिया।
बोरिंग कैनाल रोड स्थित कोलकाता बिरयानी महल में किचन की साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिली। आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे। टीम ने कच्चे चिकन और मिर्च पाउडर के नमूने लिए तथा किचन की अस्वच्छ स्थिति को देखते हुए दो दिनों तक बंद रखने का निर्देश दिया।
मटन महल और टेस्टी ट्रीट में भी मिली गड़बड़ी
बिहार म्यूजियम के सामने बेली रोड स्थित मेसर्स मटन महल से सरसों तेल का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया। प्रतिष्ठान को खाद्य अनुज्ञप्ति से संबंधित कमियों को दूर करने और सात दिनों के भीतर कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट तथा वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
वेस्ट बोरिंग कैनाल रोड स्थित टेस्टी ट्रीट रेस्टोरेंट एंड कैफे में सड़ी-गली खाद्य सामग्री मिलने पर 2 किलो चिकन, 1 किलो पीली दाल, 1 किलो पकी हुई मछली और 3 किलो ग्रेवी जब्त कर नष्ट की गई। इसकी कीमत करीब 1,000 रुपये बताई गई।
बिग बास्केट और मुजफ्फरपुर की बेकरी पर भी कार्रवाई
पटना के आशियाना नगर स्थित बिग बास्केट में खाद्य और गैर-खाद्य सामग्री एक साथ रखी मिली। इसके अलावा FEFO और FIFO नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस और FOSTaC प्रशिक्षण प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत नहीं किए गए। टीम ने सरसों तेल, पिस्ता-बादाम, चीनी और मिक्स दाल के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए।
इसी तरह मुजफ्फरपुर के शर्फुद्दीनपुर चौक स्थित ए.आर. बेकरी में भी अनियमितताएं मिलने पर बिकाजी भुजिया, थम्स अप, स्प्राइट और माजा सहित विभिन्न खाद्य एवं पेय पदार्थों को जब्त कर नष्ट किया गया। जब्त सामग्री की कीमत करीब 2,100 रुपये बताई गई।
खाद्य कारोबारियों को सख्त निर्देश
खाद्य संरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। विभाग की ओर से नियमित निरीक्षण अभियान जारी रहेगा। खाद्य कारोबारियों से अपील की गई है कि वे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए बासी और एक्सपायर्ड सामग्री का इस्तेमाल न करें तथा सभी जरूरी प्रमाण पत्र और लाइसेंस संबंधी नियमों का पालन करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







