बंगला विवाद पर गरमाई सियासत, बोली JDU -हर हाल में राबड़ी आवास करना होगा खाली, आरजेडी का पलटवार : किया जा रहा है टारगेट
NEWS DESK : बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को सम्राट सरकार की तरफ से 10 सर्कुलर आवास खाली करने का फिर से नोटिस भेजा गया। आवास खाली कराने को लेकर अब सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। राबड़ी, रोहिणी पहले ही आवास खाली करने के आदेश को चुनौती दे चुके हैं।
सोमवार को आरजेडी नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि, बिहार में सत्ताधारी दल का मानना है कि विपक्ष का काम है सरकार की हां में हां मिलाए। ऐसा न करने पर विपक्ष को टारगेट करना है। पूर्व सीएम के तौर पर नीतीश-मांझी को आवास मिला तो लालू यादव को क्यों नहीं दिया गया।
वहीं, जदयू कोटे से सम्राट सरकार में मंत्री लेसी सिंह ने कहा है कि कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज होती है। इसका मतलब राबड़ी देवी की नजर में कानून व्यवस्था कोई चीज नहीं है। किसी भी हालत में उन्हें आवास खाली करना होगा।
अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि सरकार को गरीबी कम करने पर, कर्जमुक्त करने पर दिमाग लगाना चाहिए था। सरकार ओपोजिशन को टारगेट कर रही है, ये डेमोक्रेसी के लिए अच्छा नहीं है। सरकार दिखा रही है कि अगर तुम चुप नहीं रहे तो तुम्हारा घर ले लेंगे, तुम्हारी सुविधा ले लेंगे।
इसके साथ ही अब्दुल बारी सिद्दीकी ने सवाल पूछा है कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से 3 टेलर आवास कब लेंगे? वे किस हैसियत से रहते हैं?, तरैया विधायक जनक सिंह को मंत्री का आवास मिला है? देवेश चंद्र ठाकुर, सांसद हो गए हैं। उन्हें दिल्ली में आवास मिला है। यहां भी है। साथ ही पूर्व मंत्री राजू सिंह को मैंगल्स रोड में आवास मिला है।, करनजीत सिंह, मनोरमा देवी हार्डिंग रोड में किस हैसियत से रह रहे हैं।
अब्दुल बारी सिद्दीकी ने ये भी पूछा कि दीपक कुमार रिटायर्ड IAS किस हैसियत से बड़े आवास में रह रहे हैं। सांसद संजय झा, M स्ट्रैंड रोड में किस हैसियत से रह रहे हैं। उपेन्द्र कुशवाहा 24 स्ट्रैंड रोड में कैसे रह रहे हैं? जदयू के आईटी सेल के मुखिया किस हैसियत से सरकारी आवास में रह रहे हैं?
भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह ने कहा है कि ईर्ष्या की भावना से कभी भी हमारी सरकार कार्रवाई नहीं करती है। जो नियम है, उसके मुताबिक काम होता है। 1, अणे मार्ग में 5 देश रत्न मार्ग को अस्थायी रूप से शामिल किया गया।
गृह विभाग का काम सम्राट चौधरी कर रहे थे तो तुरंत उसे हटाना असंभव है। सुशासन, विधि व्यवस्था, विकसित बिहार बनाने का काम 5 देश रत्न मार्ग से किया जा रहा था। सरकार विधि संवत कार्रवाई करेगी। किसी भी स्थिति में उन्हें आवास खाली करना होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को 7 सर्कुलर रोड प्रोटोकॉल के हिसाब से आवंटित किया गया है। Z+ श्रेणी की सुरक्षा की वजह से पत्र जारी किया गया था। जिसमें वर्तमान में उन्हें आवास आवंटित किया गया है।
अब्दुल बारी सिद्दीकी ने सवाल उठाया था कि सांसद देवेश चंद्र ठाकुर और उपेंद्र कुशवाहा को किस हैसियत से पटना में आवास दिया गया है। इसका जवाब देते हुए मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि दोनों सांसद आवास का किराया दे रहे हैं। लेसी सिंह ने किराये की रसीद भी दिखाई।
वहीं, लालू प्रसाद के बेटे और JJD अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने कहा कि नीतीश कुमार का आवास भी खाली होना चाहिए क्योंकि अब वे भी पूर्व मुख्यमंत्री हैं। सबसे पहले नीतीश कुमार को ही अपना आवास खाली करना चाहिए। सरकार को नीतीश कुमार को 15 दिनों का नोटिस देना चाहिए। जब वह आवास खाली कर देंगे तो राबड़ी देवी भी आवास खाली कर देंगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











