राहुल गांधी का CM हेमंत सोरेन को पत्र, बोले : छात्रों से खुद मिलकर करें बात, BJP ने साधा निशाना

Aug 17, 2026 - 17:33
राहुल गांधी का CM हेमंत सोरेन को पत्र, बोले : छात्रों से खुद मिलकर करें बात, BJP ने साधा निशाना

RANCHI : झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की नियुक्ति परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है. राहुल गांधी ने छात्र आंदोलन का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री को आंदोलनकारी छात्रों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनने और समाधान की दिशा में उचित कदम उठाने का सुझाव दिया है.

वहीं, बीजेपी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि राहुल गांधी और हेमंत सोरेन को लेटर-लेटर खेलना बंद करना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को छात्रों की गूंज प्रयागराज में सुनाई देती है. पुणे में भी उनका कार्यक्रम है लेकिन रांची आने के बजाय लेटर लिखते हैं. सीएम भी अब तक छात्रों से मिलने नहीं गये.

शांतिपूर्ण आंदोलन को कांग्रेस का समर्थन

राहुल गांधी ने पत्र में कहा है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार भारतीय संविधान में निहित है और यह लोकतंत्र के प्रमुख आधारों में से एक है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले कुछ महीनों से पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ खड़ी रही है. राहुल ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर RSS और BJP पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था को छात्रों के शोषण और दमन के साधन में बदल दिया गया है.

झारखंड के छात्रों की मांगों को बताया जायज

राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को याद दिलाया कि झारखंड में भी छात्र राज्य की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि छात्रों का आंदोलन शांतिपूर्ण है और उनकी मांगें जायज हैं. राहुल गांधी ने सरकार की ओर से छात्रों से बातचीत के लिए गठित कमेटी का भी उल्लेख किया है.

बातचीत और सहमति के बावजूद आंदोलन जारी

पत्र में राहुल गांधी ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से गठित कमेटी के माध्यम से छात्रों के साथ बातचीत शुरू हुई है और कई मांगों को लेकर सहमति भी बनी है. इसके बावजूद आंदोलन जारी है और कुछ छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं. राहुल गांधी ने इसे गंभीर स्थिति बताते हुए सरकार से छात्रों की बाकी मांगों पर भी सकारात्मक पहल करने की अपील की है.

राहुल की हेमंत को सीधी सलाह, छात्रों से खुद मिलें

राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सुझाव दिया है कि वह आंदोलन कर रहे छात्रों के प्रतिनिधियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करें. उनका कहना है कि मुख्यमंत्री की सीधी बातचीत से सरकार की ओर से छात्रों की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रतिबद्धता मजबूत होगी. राहुल ने कहा कि युवा ही देश के भविष्य हैं और ऐसे समय में उनके साथ एकजुटता और समर्थन जरूरी है.

पहले फोन पर भी छात्रों से बात कर चुके हैं राहुल

राहुल गांधी इससे पहले आंदोलन कर रहे छात्रों से फोन पर बातचीत भी कर चुके हैं और उनके आंदोलन को अपना समर्थन दिया था. इसके बाद झारखंड में राहुल गांधी की भूमिका को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई थी. विपक्ष की ओर से सवाल उठाए गए कि दिल्ली में नीट विवाद के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री आवास योजना की कोशिश की थी लेकिन झारखंड की सरकार में शामिल होने की वजह से दोहरा रवैया अपना रहे हैं.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया नाटकबाजी

वहीं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राहुल गांधी के पत्र को नाटकबाजी बताया. उन्होंने कहा कि पत्र पर मुख्यमंत्री संज्ञान लेंगे या नहीं लेंगे, ऐसे में झारखंड की जनता को कांग्रेसी इतना बेवकूफ समझते हैं कि इनकी बातचीत के स्टाइल से ही पता चलता है. उन्होंने कहा कि जीवन भर कांग्रेस ने झारखंड के लोगों को ठगने का काम किया है.

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के समर्थन से इस राज्य में सरकार चल रही है, उन्हें दो टूक बात करनी चाहिए कि आप क्यों नहीं छात्रों की मांग पूरी कर रहे हैं और बच्चों की मांग पूरी करिए नहीं तो हम सरकार से समर्थन वापस लेते हैं.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नाटक-नौटंकी करने का काम कर रही है और बच्चों को भटकाने का काम कर रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह क्यों नहीं मांग करती है कि झारखंड के बच्चों के साथ जो अन्याय हुआ है नौकरी को बेचा गया है इसकी सीबीआई जांच हो. कांग्रेस को चाहिए कि मुख्यमंत्री से इस संबंध में स्पष्ट बात करें.

इस राजनीतिक खींचतान के बीच छात्र आंदोलन को लेकर सरकार की ओर से एक और पहल हुई है. 16 अगस्त को सरकार ने आंदोलन कर रहे छात्रों के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाया है. यह बैठक 17 अगस्त को होने वाली है. अब देखना है कि आज छात्रों के प्रतिनिधिमंडल और सरकार की ओर से गठित कमेटी के बीच वार्ता का क्या नतीजा निकलता है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0