केंद्र सरकार से सम्राट चौधरी की बड़ी मांग, निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री से मिले

Aug 21, 2026 - 17:36
केंद्र सरकार से सम्राट चौधरी की बड़ी मांग, निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री से मिले

NEW DELHI : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की. इससे पहले उन्होंने बीजेपी नेता विनोद तावड़े से उनके आवास पर भेंट की. सम्राट चौधरी ने विनोद तावड़े को बीजेपी के नेशनल जनरल सेक्रेटरी और उत्तर प्रदेश के इंचार्ज के तौर पर दोबारा नियुक्त होने पर बधाई दी.

निर्मला सीतारमण के साथ बैठक

बांकीपुर उपचुनाव के बाद सम्राट चौधरी का यह पहला दिल्ली दौरा है. शुक्रवार को कर्तव्य भवन में सुबह 11 बजे से उनकी निर्मला सीतारमण के साथ अहम बैठक शुरू हुई, जिसमें केंद्रीय वित्त मंत्री के साथ ही विदेश मंत्री एस जयशंकर, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा मौजूद रहे.

इन मुद्दों पर हुई चर्चा 

मुलाकात को लेकर सम्राट चौधरी ने अपने सोशल मीडिया एक्स अकाउंट में फोटो साझा कर कहा, नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ महत्वपूर्ण बैठक में सम्मिलित हुआ. बैठक में भारत-नेपाल जल एवं बांध परियोजनाओं, बजट से जुड़े विषयों, पर्यटन के विकास और बिहार के हित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई.

सम्राट चौधरी ने की विनोद तावड़े से मुलाकात

विनोद तावड़े से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लिखा है, उनका (विनोद तावड़े) कुशल संगठनात्मक नेतृत्व पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और सुखद एवं ऐतिहासिक परिणाम लेकर आएगा.

बिहार के लिए राशि का जुगाड़ बड़ी चुनौती

बिहार में सरकार के लिए कई योजनाओं के लिए राशि का जुगाड़ करना एक बड़ी चुनौती हो गई है. अब सम्राट चौधरी की सरकार को केंद्र से ही आस है. खाली खजाने के कारण कई योजनाओं का काम रुका पड़ा है या फिर धीमी गति से चल रहा है. ऐसे में इस मीटिंग में बजट से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई है.

केंद्र से बिहार की उम्मीदें

मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी की केंद्रीय वित्त मंत्री से यह मुलाकात महत्वपूर्ण मानी जा रही है. बिहार के विकास की गति देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी विधानसभा चुनाव के समय भरोसा दिलाया था कि 2047 में भारत को विकसित बनाने के लक्ष्य पर केंद्र सरकार काम कर रही है. ऐसे में बिहार के विकास की गति को तेज करने के लिए केंद्र से विशेष मदद की जरूरत है.

केंद्र की कई योजनाओं में भी बिहार सरकार अधिक राशि चाहती है, जैसे कि 'कोसी-मेची नदी जोड़ योजना' जिसमें बिहार सरकार को भी 40% राशि देना पड़ रहा है. बिहार में कई एक्सप्रेसवे का निर्माण होना है, कहा जा रहा है कि इस मीटिंग में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्रीय वित्त मंत्री से अधिक राशि जल्द से जल्द जारी करने का आग्रह भी किया है. हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0