मुजफ्फरपुर-भागलपुर में शिवभक्तों पर हेलिकॉप्टर से फूलों की बारिश, बेगूसराय में श्रद्धालुओं की लगी 2 किमी लंबी कतार
PATNA : सावन का आज दूसरा सोमवार है। बिहार के शिवालयों में भक्तों की भीड़ है। हर-हर महादेव की गूंज है। मुजफ्फरपुर के गरीबनाथ मंदिर में आज स्थानीय और कांवरियों को मिलाकर 2 लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। मंदिर के ऊपर हेलिकॉप्टर से फूलों की बारिश की गई है।
वहीं भागलपुर के अजगैबीनाथ मंदिर, उत्तरवाहिनी गंगा और कांवरिया पथ समेत प्रमुख स्थलों पर भी हेलिकॉप्टर से फूलों की बारिश कर शिवभक्त कांवरियों का भव्य स्वागत किया गया।
बेगूसराय के हरिगिरीधाम गढ़पुरा में 2 किलोमीटर लंबी लाइन है। अहले सुबह से मंदिर में पूजा हो रही है। वहीं, भागलपुर के सुल्तानगंज से लेकर झारखंड के देवघर तक करीब 105 किलोमीटर तक सड़क केसरिया रंग के कपड़े पहने भक्तों से रंगा है।
झारखंड के देवघर में कांवरियों की भारी भीड़ है। आज करीब साढ़े 3 लाख भक्तों के जलाभिषेक करने का अनुमान है। नालंदा में एक छोटा बच्चा मंदिर की सीढ़ियां चढ़ता नजर आया।
मुजफ्फरपुर में पहलेजा घाट से गंगाजल लेकर तुर्की, रामदयालु होते हुए बाबा गरीबनाथ धाम की ओर कांवरिए बढ़ रहे हैं। रास्ते में हर-हर महादेव और जय बाबा गरीबनाथ के जयकारों से पूरा इलाका गूंज रहा है। कई स्थानों पर कांवरिया शिविरों में रुक कर आराम कर रहे हैं।
बाबा गरीबनाथ मंदिर में जलाभिषेक का सिलसिला रविवार रात से ही शुरू हो चुका है। देर रात के बाद कांवरियों की कतार मंदिर की ओर बढ़ने लगी। स्थानीय श्रद्धालुओं के पहुंचने के साथ भीड़ और बढ़ने की संभावना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0













