मातृभूमि की सेवा में तन-मन से कर्त्तव्यपालन में समर्पित रहे जवान: कमांडेंट कैलाश

देश की सेवा में 82 वर्ष पूरे कर चुका यह बल विश्व का सबसे बड़ा अर्धसैनिक बल है।

Jul 29, 2021 - 06:22
मातृभूमि की सेवा में तन-मन से कर्त्तव्यपालन में समर्पित रहे जवान: कमांडेंट कैलाश

गया:
205 कोबरा वाहिनी मुख्यालय में केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल का 83वाँ स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर सबसे पहले वाहिनी के यह शहीद स्मारक पर कमांडेंट कैलाश तथा अन्य अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों तथा जवानों द्वारा शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।इसके उपरांत कमांडेंट कैलाश ने सैनिक सम्मेलन की अध्यक्षता की जिसमें उनके द्वारा सभी कमांडोज को केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल की गौरवशाली पृष्ठभूमि के बारे में बताया गया।इस उपलक्ष्य में बोकारो के कवि शक्ति पांडेय ने सुरक्षा बलों के सम्मान में एक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जिसमें उन्होंने वीर रस में डूबी कविताओं और रैप गीतों के ज़रिए सभी जवानों का मनोरंजन किया।इसके उपरांत संध्या के समय वॉलीबॉल मैच का आयोजन किया गया जिसकी समाप्ति पर विजेता और उपविजेता टीम को सम्मानित करते हुए कमांडेंट कैलाश ने सभी जवानों को मातृभूमि की सेवा में तन-मन से कर्तव्यपालन में समर्पित रहने और कोरोना काल में अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहते हुए आवश्यक दिशा-निर्देशों का समुचित पालन करने का संदेश दिया। अंत में सभी अधिकारियों और जवानों ने स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित बड़ाखाना में भाग लिया। इसके बाद कमांडेंट ने सभी अधिकारियों और जवानों को अपनी शुभकामनाएँ दी और सबके सफल कार्यकाल की कामना की।विदित है कि केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल की स्थापना वर्ष 1939 में आज ही के दिन हुई थी। देश की सेवा में 82 वर्ष पूरे कर चुका यह बल विश्व का सबसे बड़ा अर्धसैनिक बल है। आज़ादी के बाद से निरंतर इस बल ने देश की अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को अक्षुण्ण रखने में महती भूमिका निभाई है। इसके अतिरिक्त आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में देश की प्रमुख संस्था होने के नाते चाहे जम्मू कश्मीर का आतंकवाद हो, पूर्वोत्तर का उग्रवाद हो या मध्य और पूर्व भारत में नक्सलवाद की समस्या हो, हर जगह केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल ने देश सेवा में अप्रतिम योगदान और बलिदान दिया है और अपनी बहादुरी से इन सभी समस्याओं को मुंहतोड़ जवाब दिया है। इसके अतिरिक्त भी देश पर किसी भी प्रकार के संकट से निपटने को सदैव तत्पर केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल का इतिहास अनेकों गौरवशाली गाथाओं से भरा पड़ा है। केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल की कोबरा बटालियन को जंगल वारफेयर में विश्व की बेहतरीन और अग्रणी कमांडो यूनिट माना जाता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0