अरवा राजकमल ने सरायकेला-खरसावां के 27वें उपायुक्त के रूप में किया पदभार ग्रहण

अरवा राजकमल ने सरायकेला-खरसावां के 27वें उपायुक्त के रूप में किया पदभार ग्रहण

सरायकेला-खरसावां. भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2008 बैच के अधिकारी अरवा राजकमल ने सराईकेला खरसावां के 27 वें उपायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। उपायुक्त के पद पर यह उनकी चौथी पदस्थापना है। श्री राजकमल इसके पूर्व मधुपुर में अनुमंडल पदाधिकारी, रांची के उपविकास आयुक्त, बोकारो, देवघर, पश्चिम सिंहभूम के पश्चात सराईकेला के उपायुक्त बने। अपनी बेहतरीन कार्यशैली से जनता का विश्वास जीतने में सफल अधिकारी अरवा राजकमल मृदुभाषी, सरल व सहज व्यक्तित्व के धनी हैं। जनहित में विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए सदैव तत्पर रहना उनकी दिनचर्या में शुमार है। बातचीत के क्रम में श्री राजकमल बताते हैं कि विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। गौरतलब है कि श्री राजकमल जहां भी पदस्थापित रहे हैं, अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के बलबूते विशिष्ट पहचान बनाने में सफल रहे हैं। सरायकेला खरसावां में उनके पदस्थापन से इस जिले की जनता आशान्वित है कि उनके नेतृत्व में विकास की गति तेज होगी।