एक अनार, सौ बीमार वाली कहावत भाजपा में चरितार्थ हो रही है.

Nov 19, 2019 - 06:30
एक अनार, सौ बीमार वाली कहावत भाजपा में चरितार्थ हो रही है.

रांची। झारखंड में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा में टिकट के दावेदारों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। टिकट पाने के लिए कार्यकर्ताओं व नेताओं की भीड़ बढ़ रही है। दावेदारों की लंबी कतार लग रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रदेश मुख्यालय कार्यालय में विधानसभा चुनाव के लिए टिकट की दावेदारी करने वालों ने तकरीबन 600 आवेदन बायोडाटा के साथ जमा कराएं हैं। फोटो सहित जमा किए गए बायोडाटा में दावेदारों ने अपने-अपने क्षेत्र में अपनी सक्रियता को लेकर समाचार पत्रों की कतरनें भी संलग्न कर दी है। प्रदेश मुख्यालय में टिकट के दावेदारों की भीड़ उमड़ रही है। टिकट पाने की जुगत भिड़ाने में दावेदार प्रदेश मुख्यालय के कार्यालय में सुबह से रात तक डेरा जमा रहे हैं। इसके अलावा अपने समर्थकों संग अपने पक्ष में माहौल भी बना रहे हैं। गत दिनों भाजपा कार्यालय के समक्ष टिकट के दावेदार काफी संख्या में डटे रहे। इसकी खास वजह थी कि भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष, संगठन मंत्री सौदान सिंह, विधानसभा चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश माथुर, सह प्रभारी नंदकिशोर यादव, प्रदेश प्रभारी रामविचार नेताम सहित सूबे के तमाम शीर्ष नेता एक साथ प्रदेश कार्यालय में उपस्थित थे। इन नेताओं की प्रदेश चुनाव समिति संग बैठक भी हुई। जानकारी के मुताबिक दावेदारों की संख्या अधिक है, इसमें कई विधायक भी शामिल हैं। यही नहीं टिकट पाने की चाहत रखने वाले दावेदार मुख्यमंत्री रघुवर दास के कांके रोड स्थित आवासीय कार्यालय से लेकर प्रोजेक्ट भवन स्थित सचिवालय तक के चक्कर काट रहे हैं। प्रदेश कार्यालय में पूर्व डीजीपी डी के पांडे, भाजपा में शामिल हुए देव कुमार धान, अनंत प्रताप देव सहित कई नेता अपने समर्थकों के साथ भाजपा कार्यालय मे अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0