कोरोना वैक्सीनेशन सेंटर पर ग्लूकोज-डी व पेयजल उपलब्ध करा रहा प्रोफेशनल कांग्रेस

रांची। झारखंड प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आदित्य विक्रम जयसवाल ने रांची शहर के सभी वैक्सीनेशन सेंटर पर ग्लूकोज-डी एवं स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इसके तहत रविवार को शहर के पांच वैक्सीनेशन सेंटरों श्रीकृष्णा इंस्टिट्यूट ऑफ़ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, सेवंथ डे एड्वेंटिस्ट स्कूल बरियातू, महिला कॉलेज, साइंस ब्लॉक, सर्कुलर रोड, रामलखन यादव कॉलेज कोकर, संत जेवियर स्कूल, डोरंडा स्थित सेंटरों पर ग्लूकोज डी व पेयजल का वितरण किया गया।
इस संबंध में श्री जायसवाल ने बताया कि रांची के उपायुक्त छवि रंजन के अनुरोध पर यह व्यवस्था प्रोफेशनल कांग्रेस की ओर से तब तक दी जाएगी, जब तक राजधानी में वैक्सीनेशन का कार्य चलता रहेगा।
श्री जायसवाल ने कहा कि प्रोफेशनल कांग्रेस आम लोगों की सेवा के लिए हमेशा तत्पर है। वैक्सीनेशन सेंटर पर लोगों को राहत पहुंचाने के लिए प्रोफेशनल कांग्रेस द्वारा गुलकोज-डी और पानी की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्यवासियों को कोरोना संक्रमण से बचाए रखने के प्रति कटिबद्ध हैं। उन्होंने कहा था कि 18 वर्ष से ऊपर के युवाओं को भी वैक्सीन उपलब्ध कराएंगे और उन्होंने इस वादे को पूरा कर दिखाया। श्री जायसवाल ने कहा महागठबंधन की सरकार जो कहती है, वह करती है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को जागरूक करने के लिए कृषि मंत्री बादल पत्रलेख के साथ मिलकर कोरोना वैक्सीन को लेकर प्रोफेशनल कांग्रेस जन जागरूकता अभियान चलाएगी।
इस अवसर पर प्रोफेशनल कांग्रेस कमेटी के रांची चैप्टर अध्यक्ष भुवनेश ठाकुर, अमरजीत सिंह, सूरज झा सहित अन्य उपस्थित थे।