नाले के पानी में उतरे नगर आयुक्त, मौके पर दिए निर्देश; लोगों ने कहा—'ऐसे अधिकारी पहली बार देखे'

गयाजी । लगातार हो रही बारिश के बीच गया नगर निगम पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। सोमवार सुबह नगर आयुक्त डॉ. गगन स्वयं बारिश के दौरान सड़कों पर उतरे और वार्ड संख्या-37 सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं जलनिकासी व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान वे नाले के पानी के बीच खड़े होकर अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते दिखाई दिए। निरीक्षण के समय सफाई निरीक्षक सहित नगर निगम के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि शहर के सभी वार्डों और जलजमाव वाले संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए। जहां भी कचरा, गंदगी या नालियों में अवरोध मिले, वहां तत्काल सफाई अभियान चलाकर समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लगातार हो रही बारिश के बावजूद किसी भी क्षेत्र में जलजमाव नहीं होने दिया जाए। जलनिकासी व्यवस्था हर हाल में सुचारु रहे तथा शिकायत मिलते ही संबंधित टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करे। नगर आयुक्त ने क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को 24×7 अलर्ट मोड में रहने का निर्देश देते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में नगर निगम की पहली प्राथमिकता शहर को स्वच्छ रखना और नागरिकों को जलजमाव से राहत दिलाना है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मियों को फील्ड में रहकर लगातार मॉनिटरिंग करने तथा किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बारिश चाहे जितनी भी हो, शहर की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मियों की जवाबदेही तय करते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त को बारिश के बीच नाले के पानी में उतरकर स्वयं स्थिति का जायजा लेते देख स्थानीय लोगों ने उनकी कार्यशैली की सराहना की। कई मुहल्लेवासियों ने कहा कि इस तरह बारिश के बीच स्वयं मौके पर पहुंचकर हालात का निरीक्षण करने वाले अधिकारी बहुत कम देखने को मिलते हैं। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में शहर की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी।

Jul 20, 2026 - 21:49
नाले के पानी में उतरे नगर आयुक्त, मौके पर दिए निर्देश; लोगों ने कहा—'ऐसे अधिकारी पहली बार देखे'

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0