मानव तस्करी के खिलाफ नारी शक्ति सेना (गुलाबी गैंग) का राजभवन के समक्ष धरना आठ को

राज्यपाल और मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा ज्ञापन

मानव तस्करी के खिलाफ नारी शक्ति सेना (गुलाबी गैंग) का राजभवन के समक्ष धरना आठ को

रांची : झारखंड में मानव तस्करी की बढ़ती घटनाओं के खिलाफ नारी शक्ति सेना (गुलाबी गैंग) की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आठ मार्च को राजभवन के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया जाएगा। इस संबंध में बुधवार (4 मार्च) को गुलाबी गैंग की अध्यक्ष रानी कुमारी की अध्यक्षता में हेहल में एक बैठक कर निर्णय लिया गया। रानी कुमारी ने कहा कि झारखंड में मानव तस्करी की समस्या विकराल रूप धारण करती जा रही है। झारखंड की भोली-भाली लड़कियों को बरगला कर, उन्हें नौकरी का झांसा देकर महानगरों में भेजने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। युवतियों को शोषण का शिकार होने को विवश किया जाता है। कम उम्र की बच्चियों को महानगरों में ले जाकर मानव तस्करों द्वारा उन्हें बेच दिए जाने की खबरें भी अक्सर अखबारों की सुर्खियां बनती रहती है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने की जरूरत है। ताकि यहां की बच्चियों को शोषण का शिकार होने से बचाया जा सके और उन्हें नौकरानी, बंधुआ मजदूर बनने के लिए महानगरों में जाने से रोका जा सके। रानी कुमारी ने कहा कि झारखंड सरकार को यहां की युवतियों के लिए विशेष कार्य योजना बनाकर रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण देने के लिए ठोस पहल करनी चाहिए। इससे महिला सशक्तिकरण को भी बल मिलेगा और युवतियों के लिए रोजगार सृजन के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे। बैठक में दीपिका देवी,
परमशीला देवी, देवन्ती देवी, गीता देवी, सुनैना देवी, बबली देवी, बारला तिर्की, बबीता देवी, सविता देवी, मुन्नी देवी, शारदा देवी, सुनीता देवी, सहित अन्य उपस्थित थे।