लंबित समस्याओं के समाधान को कुलपति से मिले शिक्षक संघ के पदाधिकारी
बोधगया। मगध विश्वविद्यालय के अंगीभूत महाविद्यालयों के शिक्षक संघों के पदाधिकारियों ने गुरुवार को कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केशरी से मुलाकात कर शिक्षकों की लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में जगजीवन कॉलेज, गया कॉलेज, गौतम बुद्ध महिला कॉलेज, अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज, किशोरी सिंह महिला कॉलेज, एसएमएसजी कॉलेज शेरघाटी तथा एसएन सिन्हा कॉलेज, टेकारी के शिक्षक संघों के पदाधिकारी शामिल थे।
जगजीवन कॉलेज शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार, सचिव डॉ. संगीता कुमारी, संयुक्त सचिव डॉ. राजीव रंजन एवं कोषाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग से चयनित प्राध्यापकों की एक वर्ष की परिवीक्षा अवधि पूरी हो चुकी है, लेकिन उनकी सेवा संपुष्टि अब तक लंबित है। इससे शिक्षकों में मानसिक एवं प्रशासनिक असुरक्षा की स्थिति बनी हुई है।
शिक्षकों ने एनपीएस में सरकारी अंशदान, मातृत्व, पितृत्व एवं शिशु देखभाल अवकाश तथा वेतन विसंगतियों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि शिक्षकों के वेतन से 10 प्रतिशत कर्मचारी अंशदान नियमित रूप से काटा जा रहा है, लेकिन 14 प्रतिशत नियोक्ता अंशदान मार्च 2025 से एनपीएस खाते में जमा नहीं किया गया है।
प्रतिनिधिमंडल ने महिला शिक्षकों को नियमानुसार 26 सप्ताह का मातृत्व अवकाश, पुरुष शिक्षकों को 15 दिन का पितृत्व अवकाश तथा महिला शिक्षकों को दो वर्ष का शिशु देखभाल अवकाश देने की मांग की। कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केशरी ने सभी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया।