नीतीश कुमार के शासनकाल में सुशासन का बना कीर्तिमान : अशोक कुमार सिंह बख्तियारपुर / पटना :

Jul 11, 2020 - 09:45
नीतीश कुमार के शासनकाल में सुशासन का बना कीर्तिमान : अशोक कुमार सिंह बख्तियारपुर / पटना :

बख्तियारपुर पटना:भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक कुमार सिंह ने कहा है कि बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शासनकाल में सुशासन का कीर्तिमान स्थापित हुआ है। उनके नेतृत्व में सरकार बेहतर कार्य कर रही है। नीतीश सरकार के सहयोगी मंत्रीगण भी सुशासन के प्रति गंभीर हैं। विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी कोविड-19 (कोरोना) से बचाव के मद्देनजर लागू देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान पीड़ित मानवता की सेवा के प्रति नीतीश कुमार ने जो सक्रियता दिखाई, वह सराहनीय है। श्री सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के शासनकाल में राज्य में विधि-व्यवस्था की स्थिति बेहतर हुई है। विकास योजनाओं के त्वरित कार्यान्वयन में नीतीश कुमार की सक्रियता के कारण बिहार की जनता ने उन्हें विकास पुरुष और सुशासन बाबू की उपाधि से विभूषित किया है। राज्य में सामाजिक समरसता बनाए रखते हुए सभी समुदायों के लोगों के प्रति सर्व-धर्म, सम-भाव की भावना से ओत-प्रोत मुख्यमंत्री नीतीश सभी वर्गों के कल्याणार्थ योजनाओं को अमलीजामा पहनाने के लिए प्रयासरत रहते हैं। श्री सिंह ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल के दौरान आमजन को हो रही परेशानियों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी जिलों के डीएम को जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। साथ ही जनता से भी उन्होंने कोरोना से बचाव के लिए जारी सरकारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने की अपील भी की है। सरकारी योजनाओं के तहत लाभुकों को मिलने वाले खाद्यान्न की निर्धारित मात्रा में आपूर्ति करने हेतु राज्य के डीलरों और खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी कर उन्होंने मिसाल पेश की है। बिहार में पूर्व की अपेक्षा बेहतर शासन देने में नीतीश कुमार सफल रहे हैं। उनके शासनकाल में राज्य में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है, आपराधिक वारदातों में भी अप्रत्याशित रूप से कमी आई है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार में कोरोना संक्रमण काल के दौरान जनता को हर संभव सहायता करने के प्रति तत्पर हैं। इसके लिए सरकारी मशीनरी को चुस्त-दुरुस्त भी किया गया है। श्री सिंह ने कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों की नकेल कसकर भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में भी नीतीश कुमार सफल रहे हैं। चुनाव पूर्व जनता से किए गए वायदे को उन्होंने अक्षरशः पूरा किया। राज्य में शराबबंदी लागू कर उन्होंने सामाजिक बदलाव की बयार बहा दी। कुल मिलाकर कहा जाए तो नीतीश कुमार का कार्यकाल पूर्व के मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल से काफी बेहतर रहा है। श्री सिंह ने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में एक बार फिर बिहार की जनता सुशासन और विकास कार्यों के आधार पर भाजपानीत गठबंधन को बहुमत से सरकार बनाने का अवसर प्रदान करेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0