पूर्ण लॉकडाउन को सफल बनाने में दूसरे सप्ताहांत भी दिखी जनभागीदारी, चौक-चौराहों पर पसरा रहा सन्नाटा
विनीत कुमार की रिपोर्ट
रांची। राज्य सरकार द्वारा घोषित शनिवार (19 जून) की शाम 4 बजे से अगले 38 घंटे (सोमवार 21 जून की सुबह 6 बजे) तक संपूर्ण लॉकडाउन की वजह से शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर सन्नाटा पसरा रहा। सड़कें सूनी रही। लॉकडाउन को सफल बनाने में इस बार भी व्यापक जनभागीदारी दिखी। पूर्व घोषणा के अनुरूप सब्जी, राशन, फल आदि सहित सभी प्रतिष्ठान, दुकानें बंद रहीं। इस दौरान दवा, स्वास्थ्य से जुड़े अन्य प्रतिष्ठान, पेट्रोल पंप, दूध की दुकानें खुली रही। मालवाहक वाहनों के परिचालन की अनुमति प्रशासन की ओर से दी गई थी। इस वजह से सड़कों पर इक्का-दुक्का मालवाहक वाहनों का परिचालन होता दिखा।
लॉकडाउन की अवधि में लोग घरों से बाहर नहीं निकले।
गौरतलब है कि झारखंड में कोरोना से बचाव के मद्देनजर पिछले सप्ताह से साप्ताहिक लॉकडाउन का प्रावधान किया गया है। वैश्विक महामारी कोरोना की दूसरी लहर का कहर कम करने और संभावित तीसरी लहर को रोकने के उद्देश्य से झारखंड सरकार द्वारा घोषित 38 घंटे के संपूर्ण लॉकडाउन का रविवार (20जून) को राजधानी रांची में व्यापक असर देखने को मिला। शहर की सभी दुकानें, प्रतिष्ठान व संस्थान बंद रहे। सड़कों पर पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा। इस अवधि में अधिकतर लोगों ने घरों में रहना ही मुनासिब समझा। वैसे लाॅकडाउन के दौरान पुलिस- प्रशासन ने बेवजह घूमने वालों के लिए सख्ती बरतने की पूरी तैयारी कर रखी थी। रैपिड एक्शन फोर्स (रैफ) सहित पर्याप्त संख्या में पुलिस के जवान भी शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर तैनात थे। इस दौरान कहीं-कहीं माॅनसून की हल्की बौछारें भी पड़ते रहने के कारण लोगों ने बेवजह घरों से बाहर निकलने से परहेज किया। शहर के व्यस्ततम चौक-चौराहे अल्बर्ट एक्का चौक, शहीद चौक, लालपुर, कांटा टोली, बहू बाजार, कोकर, कचहरी चौक, डंगरा टोली, चुटिया, सिरम टोली, धुर्वा, डोरंडा,कांके, बरियातू, रातू रोड सहित राजधानी के अन्य इलाके में पूर्ण लाॅकडाउन का व्यापक असर रहा। सभी जगह कर्फ्यू जैसा दृश्य नजर आ रहा था।आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोग ही सड़कों पर आवागमन करते दिखे। ट्रैफिक पुलिस हर चौक-चौराहों पर पूरी तरह मुस्तैद थी। चिकित्सा संबंधी कार्यों से आने-जाने वालों को यातायात पुलिसकर्मी सहयोग करते भी दिखे। लॉकडाउन का पालन पूरी तरह हुआ।
गौरतलब है कि सोमवार (21जून)की सुबह 6 बजे तक लाॅकडाउन प्रभावी रहेगा। इसके बाद सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप राजधानी के बाजार, दुकान, प्रतिष्ठान व निजी संस्थान शाम 4 बजे तक यथावत खुले रहेंगे।
जनता ने लाॅकडाउन के मद्देनजर सरकार की अपील का पूरा समर्थन करते हुए कोरोना के खिलाफ जारी जंग में सहभागिता निभाई।
रांची जिला प्रशासन ने कोरोना पर काबू पाने के उद्देश्य से इस व्यापक जनसहयोग के लिए जनता के प्रति आभार जताया है।



admin@admin.com



