भाजपा के एक दर्जन सीटिंग विधायकों का कटा टिकट. विक्षुब्धों से भितरघात की आशंका.

Nov 19, 2019 - 10:18
भाजपा के एक दर्जन सीटिंग विधायकों का कटा टिकट. विक्षुब्धों से भितरघात की आशंका.

रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव के मद्देनजर टिकट बंटवारे को लेकर सबसे अधिक रेस रहने वाली भारतीय जनता पार्टी के तेवर अब नरम दिख रहे हैं। चुनावी जंग के लिए भाजपा ने पहली सूची में एक साथ 52 उम्मीदवारों की घोषणा की थी। पार्टी की ओर से चौथी सूची भी जारी हो चुकी है। कुल मिलाकर पार्टी 72 प्रत्याशियों को टिकट दे चुकी है। वहीं प्रमुख परिमंडल के हुसैनाबाद में भाजपा समर्थित उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राजधानी के कांके विधानसभा क्षेत्र समेत कुल 8 सीटों पर प्रत्याशी की घोषणा करना बाकी है। पार्टी के अंदर खाने से जो बात छनकर सामने आ रही है, उसके मुताबिक आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो की सिल्ली विधानसभा सीट भाजपा द्वारा छोड़ी जा सकती है। ऐसी परिस्थिति में भी भाजपा को 7 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा करनी है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कांके विधानसभा सीट से पार्टी के वर्तमान विधायक डॉ जीतू चरण राम का टिकट कट सकता है। बताया जाता है कि डॉ. राम को छोड़कर भाजपा ने शेष सभी सात सीटों पर स्थिति स्पष्ट कर दी है। भाजपा ने इस बार चुनाव में एक दर्जन विधायकों का टिकट काटकर नए प्रत्याशियों को अवसर दिया है इनमें सरयु राय भी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त मांडर से सीटिंग विधायक गंगोत्री कुजूर, बोरियों से ताला मरांडी, सिमरिया से गणेश गंझू, चतरा से जयप्रकाश सिंह भोक्ता, सिंदरी से फूलचंद मंडल,घाटशिला से लक्ष्मण टुडू, गुमला से शिव शंकर उरांव, सिमडेगा से विमला प्रधान, मनिका से हरे किशन सिंह,छतरपुर से राधाकृष्ण किशोर का पत्ता साफ हो गया है। झरिया से विधायक संजीव सिंह की जगह उनके पत्नी रागिनी सिंह को टिकट दिया गया है। जिन सीटों पर अब तक भाजपा ने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है उनमें सिल्ली, गोमिया, रामगढ़, कांके, बड़कागांव, टुंडी, डुमरी और पाकुड़ सीटें हैं। इन सभी सीटों पर तीसरे, चौथे और पांचवें चरण में चुनाव होने हैं। कयास लगाया जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की ओर से उक्त सभी 8 सीटों पर एक-दो दिनों के अंदर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। इसे लेकर पार्टी में मंथन जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0