वार्ड स्तर पर वैक्सीनेशन के लिए पार्षद उर्मिला यादव ने किया अनुरोध

Apr 17, 2021 - 06:03
वार्ड स्तर पर वैक्सीनेशन के लिए पार्षद उर्मिला यादव ने किया अनुरोध

रांची। एचईसी परिसर के रांची नगर निगम वार्ड संख्या 41 की पार्षद उर्मिला यादव ने वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रकोप पर काबू पाने के लिए रांची नगर निगम के वार्ड स्तर पर वैक्सीनेशन का कार्य किए जाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, रांची की मेयर आशा लकड़ा, रांची नगर निगम आयुक्त से अनुरोध किया है। श्रीमती यादव ने कहा है कि वार्ड वाइज वैक्सीनेशन से काफी हद तक कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रसार को रोकने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए राज्य सरकार को स्टेडियम और वेंक्वेट हॉल में भी अस्थायी रूप से ऑक्सीजन युक्त अस्पताल बनाने की दिशा में भी पहल करनी चाहिए‌। उन्होंने कहा कि कोरोनावायरस के बढ़ते प्रकोप से युद्ध जैसे हालात हो गए हैं. इसमें जनभागीदारी जरूरी है। सबों की सहभागिता से इस वैश्विक महामारी पर नियंत्रण करने में हम सफल होंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर काफी खतरनाक है. इससे हमें सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने रांची नगर निगम के आयुक्त सहित मेयर और डिप्टी मेयर से अनुरोध किया है कि मरीजों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर फिलहाल रांची के तमाम बड़े होटलों को आइसोलेशन सेंटर के रूप में उपयोग करने की दिशा में सरकार को सुझाव प्रेषित करें। उन्होंने राजधानी रांची सहित राज्य में कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए समाज के सभी समुदाय के लोगों से कोरोना से बचाव के मद्देनजर जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन करने की अपील की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0