स्मृति शेष! बहुत याद आएंगे हरदिल अजीज प्रशासनिक अधिकारी राजेश कुमार

स्मृति शेष! बहुत याद आएंगे हरदिल अजीज प्रशासनिक अधिकारी राजेश कुमार

विनय मिश्रा

रांची। झारखंड प्रशासनिक सेवा के तेजतर्रार,कर्मठ व मृदुभाषी अधिकारी के रूप में पहचाने जाने वाले राजेश कुमार का निधन हैदराबाद में इलाज के दौरान हो गया। वे 28 अप्रैल से कोरोना संक्रमित थे और रांची के मेडिका अस्पताल में इलाजरत थे। वहां स्थिति में सुधार नहीं होता देख उन्हें हैदराबाद ले जाया गया था। रांची के नगर आयुक्त मुकेश कुमार द्वारा यह जानकारी दी गई थी कि श्री कुमार के स्वास्थ्य में सुधार है। यह जानकारी राहत देने वाली थी। लेकिन शाम को उनके मोबाइल पर कॉल करने पर उनके साले ने फोन रिसीव किया और ह्रदय विदारक जानकारी दी कि सर अब नहीं रहे।
गौरतलब है कि स्व.राजेश कुमार रांची नगर निगम में अपर नगर आयुक्त के पद पर सेवारत थे। इसके पूर्व वह कई महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाल चुके थे। चक्रधरपुर में कार्यपालक दंडाधिकारी के अलावा चक्रधरपुर व मनोहरपुर में बीडीओ भी रह चुके थे। अपनी सादगी और बेहतरीन कार्यशैली के बलबूते उन्होंने प्रशासनिक महकमे के अलावा जनता के बीच भी काफी लोकप्रियता हासिल कर ली थी। चक्रधरपुर प्रखंड में आयोजित कार्यक्रम में जिला के तत्कालीन उपायुक्त एमपी मिश्रा, (भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी) व अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार शर्मा जब प्रखंड पहुंचे तो राजेश कुमार ने श्री मिश्रा का चरण स्पर्श किया था और उन्हें बताया कि वे उनके गुरू भी रहे हैं। जब वे प्रशिक्षण में थे, तब ग्रामीण विकास के संयुक्त सचिव के रूप में श्री मिश्रा ने उन्हें पढ़ाया भी था।मार्च माह में उन्होंने चक्रधरपुर के बोड़दा गांव में एक व्यक्ति द्वारा आत्मदाह किए जाने की घटना के पश्चात हाई कोर्ट द्वारा संज्ञान लेने तथा गठित टीम में स्वास्थ्य विभाग के तत्कालीन उपसचिव के रूप में उन्हें शामिल किया गया था। इसी क्रम में चक्रधरपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार से बात करने की आवश्यकता पड़ी तो उन्होंने मुझसे थाना प्रभारी का नम्बर लिया व उनसे बात भी की और मुझे नम्बर उपलब्ध कराने के लिए आभार भी जताया। ऐसे शालीन अधिकारी का अचानक चले जाना काफी व्यथित करने वाला है। भले ही वह आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी कर्मठता कार्यदक्षता अन्य अधिकारियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। एक कर्मठ प्रशासनिक अधिकारी के रूप में जनहित में किए गए उनके उल्लेखनीय कार्यों को जनता हमेशा याद रखेगी। उन्हें शत-शत नमन।