हर्षोल्लास के साथ लोगों ने मनाया पर्व

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने में जुटे रहे डीसी और एसएसपी

Mar 30, 2021 - 08:05
हर्षोल्लास के साथ लोगों ने मनाया पर्व

रांची। पर्व के दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने में उपायुक्त छवि रंजन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार झा विशेष रूप से जुटे रहे। प्रशासनिक स्तर से लोगों को दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए सभी पदाधिकारी मुस्तैद दिखे। दोनों पदाधिकारियों ने शहरवासियों को शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए पर्व-त्योहार मनाने की अपील की थी। इसका सकारात्मक परिणाम रहा कि राजधानी रांची सहित जिले के अन्य हिस्सों में अधिकतर लोगों ने अपने घरों में रहकर ही पर्व का आनंद उठाया। गौरतलब है कि पर्व के पहले डीसी और एसएसपी ने लोगों से वैश्विक महामारी कोरोना के गाइडलाइन का शत-प्रतिशत अनुपालन करते हुए अपने-अपने घरों में रहकर ही त्यौहार मनाने की अपील की थी। पदाधिकारियों ने कहा था कि पर्व त्यौहार के दौरान किसी भी तरह की असावधानी कोविड-19 के खतरे को बढ़ा सकती है। लिहाजा लोगों को सतर्कता के साथ त्योहार मनाना चाहिए।
इसका खासा असर पड़ा और लोगों ने उत्साह के साथ अपने-अपने घरों में रहकर ही त्यौहार मनाया। ज्ञात हो कि पिछले कुछ दिनों से लगातार रांची में कोरोना महामारी के मामले बढ़ रहे हैं। हर दिन शहर में कोरोना पाॅजिटिव केस की संख्या में इजाफा हो रहा है। इसे देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर लोगों से विशेष एहतियात बरतने की अपील की गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0