गार्ड ऑफ ऑनर से लेकर बैटल क्राफ्ट तक, एनसीसी कैडेटों ने दिखाया दम, ब्रिगेडियर सेन ने कैंप का किया निरीक्षण
गयाजी। बाजार समिति, चंदौती में 27 बिहार बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के नौवें दिन मंगलवार को उस समय कैडेटों का उत्साह चरम पर पहुंच गया, जब गया ग्रुप मुख्यालय के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर देबकुमार सेन ने शिविर का निरीक्षण किया। कैंप पहुंचने पर एनसीसी कैडेटों ने पूरे अनुशासन और जोश के साथ उन्हें शानदार गार्ड ऑफ ऑनर दिया। 27 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल भूपेश पठानिया ने ग्रुप कमांडर की आगवानी की।
निरीक्षण के दौरान ब्रिगेडियर देबकुमार सेन ने कैंप कार्यालय, मेस, आवासीय व्यवस्था सहित प्रशिक्षण से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से शिविर में कैडेटों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने कैडेटों से सीधे संवाद किया और उनके अनुभवों तथा प्रशिक्षण को लेकर जानकारी प्राप्त की।
*फील्ड क्राफ्ट और बैटल क्राफ्ट के प्रदर्शन ने मोहा मन*
निरीक्षण के दौरान एनसीसी कैडेटों ने फील्ड क्राफ्ट एवं बैटल क्राफ्ट का शानदार डेमो प्रस्तुत किया। कैडेटों ने सैन्य प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए कौशल, रणनीति, टीमवर्क और अनुशासन का प्रभावी प्रदर्शन कर अपनी क्षमता का परिचय दिया। कैडेटों के आत्मविश्वास और शानदार प्रदर्शन से प्रभावित ब्रिगेडियर
सेन ने उनकी जमकर सराहना की।
इस अवसर पर ब्रिगेडियर सेन ने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना पैदा करने का सशक्त मंच है। प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों को कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने, टीम भावना के साथ काम करने और जिम्मेदारी का निर्वहन करने की सीख मिलती है। उन्होंने कैडेटों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर देश के जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
*ब्रिगेडियर ने एनसीसी कैडेटों की कला को सराहा*
ब्रिगेडियर सेन ने एनसीसी कैडेटों द्वारा बनाई गई आकर्षक कलाकृतियों और रंगोली का अवलोकन किया। उन्होंने कैडेटों की रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा और सामाजिक संदेशों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि कला कैडेटों के व्यक्तित्व विकास और अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। मौके पर सूबेदार मेजर सरदारी लाल, ऑनरेरी कैप्टन आरबी शर्मा, एएनओ मुकेश वर्मा, पुरुषोत्तम पांडे, रंजय कुमार रश्मि, बिनेश कुमार, लेफ्टिनेंट प्रो. पमपम कुमारी, सूबेदार सूरज सोरेन, सूबेदार एकदेव थापा, सीएचएम देवराज, हवलदार जगदीश, नील प्रसाद गुरुंग, अभय पाठक, सीएचएम राम किशोर कम, देशपाल, सुरेंद्र, प्रभात कुमार तिवारी, पवन, वीरेंद्र, हेड क्लर्क उमेश कुमार, संजय कुमार मंडल, संतोष कुमार झा, लक्ष्मण कुमार, धीरज कुमार व मिंटू कुमार सहित अधिकारी, प्रशिक्षण स्टाफ एवं कैडेट मौजूद रहे।