205 कोबरा ने दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश, स्वच्छता दैनिक जीवन का संस्कार बने : नरेश पंवार

गांधी-शास्त्री जयंती पर स्वच्छता अभियान के साथ पौधारोपण, स्वच्छता मित्रों को किया सम्मानित

Oct 3, 2026 - 22:27
205 कोबरा ने दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश, स्वच्छता दैनिक जीवन का संस्कार बने : नरेश पंवार

गयाजी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 205 कोबरा बटालियन की ओर से मुख्यालय परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान चलाया गया। इस दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ एवं ‘एक पौधा, एक संकल्प’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कमांडेंट नरेश पंवार ने किया। अभियान की शुरुआत महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा उपस्थित अधिकारियों, जवानों और परिवारजनों को स्वच्छता का संकल्प दिलाकर की गई। मुख्यालय एवं आवासीय परिसर में अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों ने श्रमदान कर साफ-सफाई की। साथ ही फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। जवानों ने रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। *स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र में भी चला अभियान* 205 कोबरा के जवानों ने बरवाडीह स्कूल, केंद्रीय विद्यालय तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाराचट्टी में भी व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। उप कमांडेंट नरेंद्र एवं उप कमांडेंट वारिलु लसूह के नेतृत्व में जवानों ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, खेल मैदान और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाराचट्टी परिसर की भी साफ-सफाई की गई। इस दौरान मरीजों और आम लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। *स्वच्छता मित्रों को किया सम्मानित* अभियान के दौरान परिसर और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वच्छता मित्रों को सम्मानित किया गया। कमांडेंट नरेश पंवार ने उत्कृष्ट एवं निष्ठापूर्ण कार्य के लिए सफाईकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साह बढ़ाया। *स्वच्छता दैनिक जीवन का संस्कार बने : नरेश पंवार* कमांडेंट नरेश पंवार ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का दायित्व नहीं, बल्कि हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न संस्कार होना चाहिए। महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करना और अपने कार्यक्षेत्र एवं सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखना हम सभी का नैतिक दायित्व है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ और ‘एक पौधा, एक संकल्प’ के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी निरंतर प्रयास करना चाहिए। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी अजीत कुमार, उप कमांडेंट नरेंद्र, उप कमांडेंट वारिलु लसूह सहित अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, जवान, परिवारजन, पीएचसी बाराचट्टी के स्वास्थ्यकर्मी, विद्यालयों के शिक्षक, विद्यार्थी एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0